Front Page

पीएम मोदी के जन्मदिन पर उत्तराखंड में 17 सितंबर से चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में घोषणा की कि राज्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस एक महीने तक चलने वाले अभियान का मुख्य उद्देश्य सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार के माध्यम से प्रदेश के नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प के साथ मजबूती से जोड़ना है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का मूल भाव केवल सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों का प्रचार करना नहीं है, बल्कि देश के विकास में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

इस राज्यव्यापी अभियान के तहत 11 प्रमुख कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, जिनमें समाज के हर वर्ग—विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, लाभार्थियों और सामाजिक संगठनों की सीधी सहभागिता होगी। कार्यक्रमों की श्रृंखला में ‘आशीर्वाद का दीया’ के तहत प्रमुख धार्मिक स्थलों, राशन की दुकानों, जन औषधि केंद्रों, अमृत सरोवरों और नए मेडिकल कॉलेजों में सामूहिक दीप प्रज्वलन किया जाएगा। छात्रों के लिए शैक्षणिक संस्थानों में ‘मेरे सपनों का भारत’ थीम पर चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि ‘नमो सेवा’ के जरिए देश की उपलब्धियों पर आधारित नाटकों का मंचन किया जाएगा।

मातृ-शिशु स्वास्थ्य और पोषण को बढ़ावा देने के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ और जन-जन तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत बहुउद्देशीय स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण और स्वच्छता के कार्यक्रम ‘सेवा: मेरा योगदान’ के तहत होंगे। ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के जरिए आईआईटी और आईआईएम जैसे संस्थानों के विशेषज्ञों की मदद से आम जीवन की समस्याओं के नवाचारी समाधान तलाशे जाएंगे। इसके साथ ही ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, साइकिल व बाइक रैली और रंगोली कार्यक्रमों के माध्यम से भी जनता को जोड़ा जाएगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देवभूमि उत्तराखंड से विशेष लगाव है और उनके नेतृत्व में पूरा देश विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिसमें युवाओं की भूमिका सबसे अहम होगी। उन्होंने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री ने 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया था, जिसे जनसमर्थन से साकार किया जा रहा है। इस अभियान को सभी जिलों में व्यापक रूप से मनाया जाएगा, जहां जिलों के प्रभारी मंत्री भी मौजूद रहेंगे। प्रेस वार्ता के अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, राम सिंह कैड़ा और महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!