प्राणमती नदी पर बैली ब्रिज का एरेक्शन शुरू, 15 दिनों में तैयार होने की उम्मीद

थराली, 30 जून (हरेन्द्र बिष्ट)। विकासखंड थराली के अंतर्गत प्राणमती–सूना–सुनाऊं तल्ला–पैनगढ़ मोटर मार्ग पर प्राणमती नदी के ऊपर बैली ब्रिज के एरेक्शन (स्थापना) का कार्य मंगलवार से शुरू हो गया है। लंबे समय से पुल निर्माण की प्रतीक्षा कर रहे क्षेत्रवासियों ने इस पर खुशी जताते हुए लोक निर्माण विभाग की पहल का स्वागत किया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यदि मौसम अनुकूल रहा तो अगले लगभग 15 दिनों में पुल का निर्माण पूरा कर यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
गौरतलब है कि थराली–सूना मोटर मार्ग पर प्राणमती नदी पर बना स्थायी मोटर पुल वर्ष 2013 की आपदा में बह गया था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने वर्ष 2023 में उसी स्थान पर बैली ब्रिज का निर्माण कराया, लेकिन वर्ष 2024 की आपदा में वह पुल भी तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया।
इसके बाद वर्ष 2024 में विभाग ने उसी स्थान पर पुनः बैली ब्रिज निर्माण का कार्य शुरू किया, लेकिन निर्माण के दौरान ही भारी बारिश और नदी के उफान के कारण निर्माणाधीन पुल क्षतिग्रस्त हो गया। लगातार बढ़ते जलप्रवाह और नदी के चौड़े होते स्पान को देखते हुए लोक निर्माण विभाग तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पुराने स्थान के बजाय नदी के ऊपरी हिस्से में देवकुना नामक स्थान पर नया बैली ब्रिज बनाने का निर्णय लिया।
लोक निर्माण विभाग थराली के सहायक अभियंता जे.के. टम्टा ने बताया कि मंगलवार से बैली ब्रिज के एरेक्शन का कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और मौसम ने साथ दिया तो लगभग 15 दिनों में पुल का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।
बैली ब्रिज का निर्माण पूरा होने से पैनगढ़ क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। क्षेत्र के लोगों ने पुल निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विभाग से निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने की अपेक्षा जताई है।
