अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर 500 से अधिक महिलाओं का सम्मान

देहरादून, 7 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के मोथरोवाला वार्ड के दौड़वाला में कांग्रेस के राष्ट्रीय संचार सचिव और युवा नेता वैभव वालिया के नेतृत्व में मातृशक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र की 500 से अधिक महिलाओं को सम्मानित कर समाज निर्माण में उनके योगदान को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अभियान समिति के अध्यक्ष तथा चकराता विधायक प्रीतम सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने महिलाओं को सम्मानित करते हुए कहा कि समाज और राष्ट्र की प्रगति में मातृशक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिलाओं के सहयोग और सहभागिता के बिना सशक्त समाज और समृद्ध राष्ट्र की कल्पना संभव नहीं है।
प्रीतम सिंह ने इस अवसर पर राज्य की मौजूदा सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं अनेक समस्याओं से जूझ रही हैं। बढ़ते महिला उत्पीड़न, महंगाई और बेरोजगारी के कारण आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि अब जनता बदलाव चाहती है और इसके लिए आगामी चुनावों में सोच-समझकर निर्णय लेने की आवश्यकता है।

आयोजक वैभव वालिया ने कहा कि माताएं और बहनें समाज की आधारशिला होती हैं। उनका सम्मान करना और उनके योगदान को स्वीकार करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक औपचारिक अवसर नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति समाज को जागरूक करने का दिन है।
वालिया ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि रसोई गैस के दामों में वृद्धि ने महिलाओं की घरेलू अर्थव्यवस्था पर अतिरिक्त बोझ डाला है। उन्होंने क्षेत्रीय समस्याओं का उल्लेख करते हुए स्थानीय विधायक पर भी कटाक्ष किया और कहा कि क्षेत्र में टूटी सड़कें और जलभराव जैसी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं, जिनका समाधान अभी तक नहीं हो सका है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाएं, कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। समारोह के दौरान महिलाओं को सम्मानित कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया और समाज में उनकी भागीदारी को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर कांग्रेस से जुड़े कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
