थराली आपदा: हेलीकॉप्टर से छह घायल ऋषिकेश एम्स भेजे गए, सड़कें और बिजली व्यवस्था ठप
-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली। चेपड़ो में बादल फटने और भारी आपदा के बाद गंभीर रूप से घायल छह ग्रामीणों को शनिवार को हेलीकॉप्टर से ऋषिकेश एम्स भेजा गया। थराली के विधायक भूपाल राम टम्टा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से घायलों के तत्काल इलाज के लिए हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, जिस पर कार्रवाई करते हुए दो हेलीकॉप्टरों के माध्यम से गिरीश जोशी, शंभू प्रसाद जोशी, कैलाश जोशी, हेमंत रावत, जसपाल सिंह और हेमंत सिंह को एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया।
इधर शुक्रवार रात से आई आपदा के बाद सिमली-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग समाचार लिखे जाने तक यातायात के लिए बंद है। डीजीबीआर के जवान मार्ग को खोलने के लिए युद्धस्तर पर कार्य कर रहे हैं। वहीं थराली-देवाल-वांण मार्ग भी एक दर्जन से अधिक स्थानों पर बंद पड़ा है। लोनिवि थराली की टीम इसे खोलने में जुटी है।

थराली और चेपड़ो समेत ब्लॉक के कई गांवों में पीने के पानी की पाइपलाइनें बह जाने से जल संकट गहरा गया है। पिछले 18 घंटों से थराली और देवाल ब्लॉक में बिजली आपूर्ति ठप है। विद्युत विभाग के कर्मचारी लाइनों की मरम्मत कर आपूर्ति बहाल करने में जुटे हैं।
थराली के विधायक भूपाल राम टम्टा और जिलाधिकारी संदीप तिवारी मौके पर मौजूद रहकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री धामी ने राहत कार्यों में तेजी लाने के लिए अपने कोऑर्डिनेटर दलबीर दानू को हेलीकॉप्टर से चेपड़ो भेजा है, ताकि पीड़ितों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।
