पुलिस परेड एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ गोपेश्वर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 76वां गणतन्त्र दिवस
परेड के दौरान जवानों के जोश और अनुशासन से तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा पुलिस मैदान
गोपेश्वर, 26 जनवरी (गुसाईं)।रविवार को जिले भर में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। मुख्य समारोह जिला मुख्यालय में आयोजित किया गया। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइंस मैदान में 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य परेड का आयोजन किया गया। परेड की शुरुआत ऐतिहासिक क्षण के साथ हुई जब *पुलिस अधीक्षक चमोली सर्वेश पंवार* द्वारा मुख्य परेड की सलामी ली गयी। उसके पश्चात मुख्य अतिथि के रूप में *जिलाधिकारी संदीप तिवारी* ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी परेड में जवानों के जोश और उत्साह का अद्भुत मेल देखने को मिला, वह परेड की भव्यता और गणतंत्र दिवस की गरिमा को और बढ़ाने वाला था।

परेड की कमान *पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग अमित सैनी* ने संभाली। उनके नेतृत्व में उप निरीक्षक स.पु. योगेन्द्र सक्सेना और उप निरीक्षक नागरिक पुलिस मनोज कुमार ने क्रमश: द्वितीय और तृतीय कमान का दायित्व निभाया। सम्पूर्ण परेड के दौरान सभी जवानों ने अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया।

इस वर्ष की परेड में जिला पुलिस, संचार और फायर सर्विस की महिला कर्मी, होमगार्ड्स महिला/पुरुष, वन विभाग और एनसीसी कैडेट्स महिला/पुरुष शामिल थे। इन सभी टुकड़ियों ने अपनी मेहनत के साथ गणतंत्र दिवस के महत्व को सार्थक किया। परेड में विशेष आकर्षण का केंद्र रहे क्राइस्ट एकेडमी कोठियालसैंण के नन्हें बच्चों ने अपने बैड की मधुर धुन से सम्पूर्ण परेड के दौरान जवानों के जोश और उत्साह को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई। नन्हें बच्चों की मासूमियत, तालमेल और ऊर्जा ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

उसके बाद पुलिस एवं अन्य विभागों द्वारा अपनी-अपनी झाँकियों का प्रदर्शन किया गया। विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने इस अवसर पर मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इन कार्यक्रमों में देशभक्ति गीत, नृत्य, नाटक व स्थानीय संस्कृति से जुडी प्रस्तुतियाँ शामिल थी, जो दर्शकों में देश के प्रति गर्व और प्रेरणा का संचार करने में सफल रही। ताइक्वांडो के बच्चों ने अपने अद्भुत कौशल, मेहनत और समर्पण के माध्यम से न केवल ताइक्वांडो की तकनीकों को दर्शाया बल्कि यह भी दिखाया कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह आत्मविश्वास और अनुशासन का भी पाठ पढ़ाता है।
गणतंत्र परेड में होमगार्ड महिला प्लाटून को उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु प्रथम पुरस्कार, सशस्त्र पुलिस प्लाटून को द्वितीय पुरस्कार तथा जिला पुलिस, संचार एवं फायर महिला प्लाटून को तृतीय पुरुस्कार दिया गया। परेड के दौरान प्रस्तुत झांकियों में प्रथम स्थान खेल विभाग चमोली, द्वितीय स्थान ग्राम्य विकास विभाग एवं तृतीय स्थान उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग ने प्राप्त किया गया। विभिन्न स्कूलों द्वारा प्रस्तुत रगारंग कार्यक्रमों में प्रथम स्थान सुबोध प्रेम विद्या मन्दिर, द्वितीय पुरस्कार पीस पब्लिक स्कूल एवं तृतीय स्थान राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नैग्वाड द्वारा प्राप्त किया गया। उन्हें जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा पुरस्कृत किया गया।
समारोह के दौरान विशिष्ट अतिथियों में मुख्य विकास अधिकारी नन्दन कुमार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उप वन संरक्षक केदारनाथ तरुण एस., प्रभागीय वनाधिकारी बदरीनाथ वन प्रभाग सर्वेश कुमार सहित जनपद स्तरीय अधिकारी एवं स्थानीय जनता ने गणतंत्र दिवस परेड व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया गया।
