पोखरी के कांडा गांव के बोडन तोक में भूस्खलन से छह परिवारों पर संकट, मकानों में दरारें

पोखरी, 19 अगस्त (राणा)। विकास खंड पोखरी के अंतर्गत ग्राम पंचायत काण्डा के बोडन तोक में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से भूस्खलन और भूधंसाव तेज हो गया है। इस आपदा से छह परिवारों के आवासीय मकान खतरे की जद में आ गए हैं।
ग्राम प्रधान कल्याण सिंह रावत ने बताया कि भारी भूधंसाव के कारण प्रभावित परिवारों के मकानों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं, जिससे वे कभी भी धराशायी हो सकते हैं। इस दौरान दो पुराने मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। साथ ही आसपास की सैकड़ों नाली कृषि भूमि भी भूस्खलन की चपेट में आकर बर्बाद हो रही है।
प्रधान रावत के अनुसार बलवीरसिंह, गोपाल सिंह, बलवंत सिंह, रविन्द्र सिंह, दमयंती देवी, रणबीर सिंह, नरेश लाल, गिरीश लाल, राकेश लाल और साकंबरी देवी के मकान व गौशालाएं गंभीर रूप से प्रभावित हैं। हालात ऐसे हैं कि किसी भी समय बड़ी अनहोनी हो सकती है।
उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की है कि इन छह परिवारों को सुरक्षित स्थान पर विस्थापित किया जाए। इस बीच राजस्व उपनिरीक्षक पूजा ने बताया कि उन्होंने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट तहसील प्रशासन को सौंप दी है।पोखरी के
