मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय खेल मंत्री से की महत्वपूर्ण चर्चा : खेल विकास पर हुयी चर्चा
नई दिल्ली, 21 अगस्त । उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य में खेलों के व्यापक विकास, उच्च स्तरीय खेल अवस्थापना के निर्माण और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण व सुविधाएं प्रदान करने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने इन योजनाओं के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के लिए केंद्र सरकार के सहयोग के प्रति उत्तराखण्ड की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “राष्ट्रीय खेलों के इस महाकुंभ ने उत्तराखण्ड को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दी है। इस आयोजन ने राज्य को ‘खेलभूमि’ के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।”
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के लिए समर्थन मांगा, जिनमें शामिल हैं:
-
अल्मोड़ा के डीनापानी में उच्च स्तरीय खेल सुविधा की स्थापना।
-
देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आईस स्केटिंग रिंग का संचालन।
-
नई टिहरी में साहसिक प्रशिक्षण केंद्र का उन्नयन।
-
चंपावत के महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में इंडोर आर्टिफिशियल रॉक क्लाइम्बिंग सुविधा।
-
राज्य के 95 विकासखण्डों में बहुउद्देशीय क्रीड़ाहॉल का निर्माण।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि उत्तराखण्ड में देश का पहला खेल विश्वविद्यालय स्थापित किया गया है, जो खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के साथ-साथ खेल से संबंधित शैक्षणिक कोर्स प्रदान करेगा। उन्होंने इस विश्वविद्यालय को विश्वस्तरीय खेल संस्थान के रूप में विकसित करने के लिए केंद्र सरकार से आर्थिक सहायता और अन्य सहयोग का अनुरोध किया।
केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने मुख्यमंत्री को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। इस मुलाकात से उत्तराखण्ड में खेलों के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है, जो राज्य के युवाओं को खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
