टैक्सियों के पहिए थमे, यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
नागभूमि टैक्सी यूनियन पोखरी का चक्का जाम, सात सूत्रीय मांगों को लेकर परिवहन विभाग के खिलाफ विरोध जारी
पोखरी, 29 अक्टूबर (राणा)।
उत्तराखंड परिवहन महासंघ की सात सूत्रीय मांगों के समर्थन में बुधवार को नागभूमि टैक्सी यूनियन पोखरी सहित क्षेत्र की सभी टैक्सी यूनियनों ने चक्का जाम कर दिया। टैक्सी और मैक्सी सेवाएं पूरे दिन बंद रहीं, जिससे आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हड़ताल का असर पोखरी ब्लॉक में चल रहे हिमवंत कवि चंद्रकुंवर बर्त्वाल खादी, पर्यटन एवं किसान मेले पर भी आंशिक रूप से देखा गया। टैक्सी सेवाएं ठप रहने के बावजूद मेला स्थल पर दर्शकों की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ती रही।
नागभूमि टैक्सी वेलफेयर एसोसिएशन ने हड़ताल को पूर्ण समर्थन दिया। एसोसिएशन के सचिव राकेश नेगी और चालक सज्जन रड़वाल ने कहा कि परिवहन विभाग द्वारा टैक्स में की गई अनावश्यक वृद्धि ने टैक्सी चालकों की आर्थिक स्थिति को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। उनका कहना है कि जब तक विभाग उनकी सात सूत्रीय मांगों को स्वीकार नहीं करता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
हड़ताल के कारण पोखरी बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। व्यापार मंडल अध्यक्ष बीरेंद्र सिंह राणा ने बताया कि टैक्सी सेवाएं बंद रहने से व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने परिवहन विभाग से टैक्सी चालकों की जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की अपील की।
यात्रियों को भी काफी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। स्थानीय यात्री देवेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें जरूरी काम से बाहर जाना था, लेकिन टैक्सी और बस सेवाएं बंद रहने के कारण वे पूरे दिन फंसे रहे।
