थराली में राशन डीलर संघ की नई ब्लॉक कार्यकारिणी गठित, अब्बल सिंह गुसाईं अध्यक्ष चुने गए
—हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट—
थराली, 14 नवंबर। थराली में शुक्रवार को आयोजित बैठक में सरकारी राशन डीलर संघ की नई ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से अब्बल सिंह गुसाईं को ब्लॉक अध्यक्ष और दिवाकर मिश्रा को महामंत्री चुना गया।
कार्यकारिणी में भरत सिंह रावत उपाध्यक्ष, कुंदन सिंह भंडारी कोषाध्यक्ष तथा अब्बल सिंह को सह सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। नई कार्यकारिणी के गठन के बाद कोटेदारों ने अपनी लंबे समय से लंबित मांगें समिति के समक्ष रखीं। कार्यकारिणी ने इन मांगों को एकजुट होकर शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
डीलरों ने विशेष रूप से मानदेय और राशन ढुलान के भुगतान में चल रही देरी का मुद्दा उठाया और तत्काल भुगतान की मांग की। पिछले माह के राशन आवंटन को लेकर जिला पूर्ति अधिकारी से टेलीफोन पर वार्ता की गई, जिसमें जल्द राशन उपलब्ध कराने का आश्वासन मिला। डीलरों ने इलेक्ट्रॉनिक तराजू और बायोमेट्रिक मशीनों में आ रही तकनीकी समस्याओं को दूर करने के लिए ऑपरेटरों की व्यवस्था करने की मांग भी रखी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अब्बल सिंह गुसाईं ने कहा कि वे ब्लॉक के सभी राशन डीलरों की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास करेंगे और संघ की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास रहेगा।
इस अवसर पर यमुना प्रसाद उनियाल, जसपाल सिंह राणा, मोहन सिंह, सुदर्शन सिंह, खिलाप सिंह, रंजीत सिंह, हरपाल सिंह, हरेंद्र सिंह, विनोद रावत, दिनेश देवराड़ी, रामप्रसाद जोशी, हरीश चंद्र, धर्म सिंह, केशर सिंह नेगी, दान सिंह बिष्ट सहित कई डीलरों ने अपनी बात रखी।
