पोखरी चमेठी की चंडिका की144 वर्ष बाद फर्श दर्शन, बनियाथ 2026 की तैयारियाँ शुरू

पोखरी, 17 नवंबर (राणा)। बारुली पट्टी के 84 गाँवों की आराध्य एवं कुलदेवी मा चंडिका पोखरी चमेठी की वर्ष 2026 में प्रस्तावित बनियाथ हेतु तैयारियाँ औपचारिक रूप से शुरू हो गई हैं। इस पावन प्रक्रिया के तहत देवी का पवित्र फर्श 144 वर्षों बाद पहली बार गर्भगृह से बाहर दर्शन के लिए प्रस्तुत किया गया। यह क्षण स्थानीय परंपरा, आस्था और क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत के लिए अत्यंत ऐतिहासिक माना जा रहा है।
मा चंडिका पोखरी चमेठी समिति के अध्यक्ष बीरेंद्र सिंह राणा की अध्यक्षता में आयोजित इस विशेष अनुष्ठान में क्षेत्र के सभी हकूकधारी उपस्थित रहे। देवी के फर्श को विधि-विधान के साथ गर्भगृह से बाहर लाया गया। इसी अवसर पर समिति द्वारा सर्वसम्मति से नए पशवा का चयन भी किया गया।
समिति ने निर्णय लिया है कि बनियाथ–2026 के सफल आयोजन के लिए देवी के नवीन फर्श निर्माण का कार्य प्राथमिकता से प्रारंभ किया जाएगा। यह कार्य स्थानीय परंपराओं, मान्यताओं और पारंपरिक शिल्पकला के अनुरूप सम्पन्न किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान कुंवर दीपक सिंह, अध्यक्ष बीरेंद्र सिंह राणा, कोषाध्यक्ष कुंवर सिंह चौधरी, महिधर पत, लक्ष्मी प्रसाद पत, दीपक पत सहित क्षेत्र के अनेक सम्मानित व्यक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
