इंदिरा गांधी की 108वीं जयंती पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि
देहरादून, 19 नवम्बर. बुधवार को देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की 108वीं जयंती के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व नव-नियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्री गोदियाल के नेतृत्व में स्व. इंदिरा गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल ने कहा कि राष्ट्र एवं विश्व की महान जननायिका, देश की एकता के लिए प्राणों की आहुति देने वाली त्याग और बलिदान की प्रतीक स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी जी ने अपनी प्रतिभा, कौशल और दूरदृष्टि से राष्ट्र को प्रगति के पथ पर अग्रसर किया। गरीबी उन्मूलन, बैंकों के राष्ट्रीयकरण, बीस सूत्रीय कार्यक्रम जैसे विकासोन्मुखी कदमों के साथ उन्होंने सामाजिक समरसता और सद्भाव को मजबूत करने की दिशा में कई उल्लेखनीय कार्य किए। विश्व मंच पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाते हुए उन्होंने देश को नई पहचान दिलाई और बांग्लादेश युद्ध में ऐतिहासिक विजय दिलाकर भारत की शक्ति तथा संप्रभुता को स्थापित किया।
उन्होंने कहा कि जिस महिला ने विश्व का भूगोल बदल दिया, उसे यह देश सदैव अपने हृदय में संजोकर रखेगा। उनके दृढ़ संकल्प और जनसेवा के प्रति आजीवन समर्पण ने भारत के विकास–पथ पर अमिट छाप छोड़ी है। देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
इंदिरा गांधी प्रारम्भ से ही स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय रहीं। बचपन में ‘बाल चरखा संघ’ की स्थापना से लेकर असहयोग आंदोलन के दौरान बच्चों की ‘वानर सेना’ बनाने तक उन्होंने राष्ट्रसेवा की भावना को जीवंत किया। सितंबर 1942 में उन्हें जेल भी जाना पड़ा। 1947 में उन्होंने महात्मा गांधी के नेतृत्व में दिल्ली के दंगा-प्रभावित क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया। राष्ट्रप्रेम की यह भावना उनके अंतिम क्षण तक कायम रही।
उन्होंने राजनीतिक स्थिरता, आर्थिक सुधार और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की स्थिति को मजबूत बनाने की दिशा में अनेक साहसिक और दूरदर्शी निर्णय लिए। कई निर्णय विवादास्पद अवश्य रहे, परंतु उन्होंने सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज़ादी के समय देश में सुई तक का उत्पादन नहीं होता था, वहीं स्व. इंदिरा गांधी ने पोखरण में पहला परमाणु परीक्षण कर भारत को परमाणु–शक्ति संपन्न राष्ट्रों की श्रेणी में खड़ा किया। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा साम्प्रदायिक सौहार्द और भाईचारे को मजबूत किया है, लेकिन आज कुछ विघटनकारी ताकतें देश को पीछे धकेलने का प्रयास कर रही हैं, जिनका डटकर मुकाबला करना समय की आवश्यकता है।
श्रद्धांजलि सभा में प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकान्त धस्माना, पूरण सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह, राजेंद्र भंडारी, कोषाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, पूर्व महानगर अध्यक्ष लाल चंद्र शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, सुजाता पॉल, राजेश चमोली, जगदीश धीमान, आचार्य नरेशानंद नौटियाल, अर्जुन सोनकर, विनोद चौहान, मनीष नागपाल, दिनेश सिंह, गुल मुहम्मद, सावित्री थापा, ललित थद्री, नितिन बिष्ट, आदर्श सूद, सुनील बांगा, आशु रतूड़ी, शकील अहमद, शरीफ बेग, रघुवीर बिष्ट, यशपाल चौहान, दिनेश कौशल, अनुराधा तिवाड़ी, मदन लाल, एड. हरिमोहन सिंह रावत, हुक्म सिंह कठैत, अर्जुन भंडारी, मनवर सिंह आदि उपस्थित थे।
