तीन दिन की कड़ी मशक्कत के बाद पोखरी के रैसू वीट के चीड़ वन में लगी आग पर काबू
पोखरी, 1 दिसंबर (राणा)। केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग की नागनाथ रेंज के अंतर्गत रैसू वीट के गणवे और लखड़ी तोक के चीड़ के जंगलों में लगी भीषण आग को तीन दिनों की लगातार कोशिशों के बाद आखिरकार बुझा लिया गया। वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से बड़ी मात्रा में वन संपदा को बचाया जा सका। साथ ही आसपास के गांवों में फैले घने धुएँ से लोगों को राहत मिली, विशेषकर दमा रोगियों को बड़ी सहूलियत हुई।
ज्ञात हो कि पिछले शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे गणवे क्षेत्र के चीड़ वन में अचानक आग लग गई थी। तेज हवाओं, पिरुल की अधिकता और चट्टानी भू-भाग के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और रविवार शाम तक यह लखड़ी और डुगधार क्षेत्रों तक फैल गई। तीन दिनों में लगभग एक हेक्टेयर वन भूमि प्रभावित हुई, जिससे मूल्यवान वन संपदा को नुकसान पहुँचा।
सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर नेगी, वन दरोगा मोहन सिंह बर्तवाल सहित विभागीय टीम मौके पर पहुँच गई। कठिन भू-भाग, तेज हवा और पिरुल की अधिकता लगातार चुनौती बनी रहीं, लेकिन वन कर्मियों ने बिना रुके तीन दिन तक अभियान जारी रखा। अंततः रविवार देर रात आग पर पूर्ण रूप से नियंत्रण पा लिया गया।
अग्निशमन अभियान में वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर नेगी, उप वन क्षेत्राधिकारी बीरेंद्र सिंह नेगी, वन दरोगा आनंद सिंह रावत, मोहन सिंह बर्तवाल, वन आरक्षी विपिन झिकवाण, दीपक नेगी, सूरज राणा, विन्दी लाल सहित वन विभाग के कई कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
