देवाल ब्लॉक प्रधान संघ के अध्यक्ष बने खिलाप सिंह, निर्विरोध हुआ चयन
— हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट —
थराली, 17 दिसंबर। देवाल ब्लॉक प्रधान संघ के चुनाव में लौसरी ग्राम प्रधान खिलाप सिंह को निर्विरोध ब्लॉक अध्यक्ष चुना गया है। उन्हें ब्लॉक के कुल 47 ग्राम प्रधानों में से 28 प्रधानों का लिखित समर्थन प्राप्त हुआ।
ब्लॉक अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी प्रस्तुत करने के बाद खिलाप सिंह ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत 47 में से 28 ग्राम प्रधानों की लिखित सहमति जुटाने में सफलता हासिल की। उनके समर्थन में ओडर की प्रधान प्रेमा देवी, रैन के कमल गड़िया, हाट कल्याणी के मनोज कुमार, अठटू के उमेश मिश्रा, ताजपुर के मदनमोहन, मेलखेत के विजय जोशी, नलधुरा के गणेश जोशी, पलवरा (कोटेड़ा) की चमेली देवी, पलवरा के कमल तोरती के प्रतिनिधि भगवत सिंह, सरकोट की सुनीता तिवारी, बेराधार की सुमित्रा देवी, देवसारी की सुनीता देवी, लिगड़ी के नरेंद्र सिंह, तलौर की जानकी देवी, ल्वाणी की मीना देवी, बांक की राधा देवी, धारकोट के वीर सिंह, उदेपुर के यशवंत सिंह, पूर्णा की सीमा देवी, मेलमिंडा के मोहन सिंह बिष्ट, मानमती की कलावती देवी, धरा तल्ला के गोपाल सिंह, मोटापा के रूपचंद्र सिंह कुंवर सहित अन्य प्रधानों ने मुहर एवं हस्ताक्षर कर समर्थन दिया।
आवश्यक संख्या में समर्थन मिलने के बाद ब्लॉक कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में खिलाप सिंह को निर्विरोध देवाल ब्लॉक प्रधान संघ का अध्यक्ष घोषित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित प्रधानों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर बधाई दी और उनके नेतृत्व में संगठन को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई।
