Front Page

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को कांग्रेस नेताओं ने किया याद

देहरादून, 26 दिसंबर। पूर्व प्रधानमंत्री एवं प्रख्यात अर्थशास्त्री स्वर्गीय डॉ. मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि पर उनके योगदान को स्मरण करते हुए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय, देहरादून में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने देश की आर्थिक मजबूती, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदार नेतृत्व और शालीन व्यक्तित्व आज भी देश के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि अपने शांत, ईमानदार और दूरदर्शी नेतृत्व के बल पर डॉ. सिंह ने देश को नई आर्थिक दिशा दी। आर्थिक सुधारों के माध्यम से भारत को वैश्विक मंच पर मजबूती दिलाना उनके प्रमुख योगदानों में शामिल है। सामाजिक न्याय, समावेशी विकास और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमेशा याद रखी जाएगी। उनका पूरा जीवन ईमानदारी, निष्ठा और राष्ट्रसेवा का उत्कृष्ट प्रतीक रहा है, जो आने वाली पीढ़ियों को देशहित में कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि आर्थिक उदारीकरण, मनरेगा, शिक्षा के अधिकार और सामाजिक सुरक्षा जैसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में डॉ. मनमोहन सिंह की भूमिका अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी उनके सिद्धांतों और नीतियों पर चलते हुए देश की सेवा करती रहेगी।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी, उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, महामंत्री नवीन जोशी, मुख्य प्रवक्ता गरिमा माहरा दसौनी, प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, राजेश चमोली, डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, अभिनव थापर, अमेंद्र सिंह बिष्ट, जितेंद्र बिष्ट, यशपाल चौहान, दीप बोहरा, पार्षद संगीता गुप्ता सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. मनमोहन सिंह के सादगीपूर्ण जीवन और उनके योगदान को भावपूर्ण ढंग से याद किया और उन्हें युगपुरुष बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में सामाजिक सद्भाव और शांति के संदेश के साथ किया गया। नेताओं ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह जैसे व्यक्तित्व राष्ट्र की धरोहर होते हैं और उनका योगदान भारतीय लोकतंत्र और अर्थव्यवस्था के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!