सवाड़ शहीद सैनिक मेला समिति को नया नेतृत्व, आलम सिंह बिष्ट ने स्वास्थ्य कारणों से दिया इस्तीफा
– हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट –
थराली/देवाल, 14 जनवरी। विकासखंड देवाल के सैनिक बाहुल्य गांव सवाड़ में आयोजित होने वाले अमर शहीद सैनिक मेले को नई पहचान और ऊंचाइयां देने वाले शहीद सैनिक मेला समिति सवाड़ के अध्यक्ष आलम सिंह बिष्ट ने स्वास्थ्य कारणों से अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे के बाद ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से डीएवी पीजी कॉलेज, देहरादून के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष एवं युवा नेता दयाल बिष्ट को समिति का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है तथा नई कार्यकारिणी के गठन की जिम्मेदारी भी उन्हें सौंपी गई है।
वर्ष 2016 में सवाड़ गांव के ग्रामीणों द्वारा अध्यक्ष बनाए गए आलम सिंह बिष्ट के नेतृत्व में बीते लगभग दस वर्षों के दौरान शहीद सैनिक मेला समिति ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं। इस दौरान शहीद स्मारक का पुनर्निर्माण कराया गया, गांव के बीचोंबीच भव्य सैनिक संग्रहालय एवं स्मृति केंद्र की स्थापना की गई और शहीद स्मारक परिसर में स्वतंत्रता सेनानी स्मारक का निर्माण भी कराया गया।
उनके कार्यकाल में शहीद सैनिक मेले का स्वरूप और प्रतिष्ठा दोनों का विस्तार हुआ। मेले के उद्घाटन अवसर पर कई बार प्रदेश के मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की उपस्थिति ने इस आयोजन को सर्वदलीय स्वरूप प्रदान किया। इससे शहीदों की स्मृति में आयोजित इस मेले की पहचान राज्य स्तर पर और अधिक सुदृढ़ हुई।
निवर्तमान अध्यक्ष आलम सिंह बिष्ट के कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि सवाड़ गांव में केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति रही। 7 दिसंबर 2017 को सैनिक शहीद मेले के मंच से गांव के गौरवशाली सैन्य इतिहास को देखते हुए केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग उठाई गई थी। उस समय मंच पर तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत उपस्थित थे। शुरुआत में इस मांग को कई लोगों ने “मुंगेरीलाल के सपने” कहकर खारिज किया, लेकिन समिति और ग्रामीणों के निरंतर प्रयासों से यह सपना साकार हो सका।
केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए समिति ने आवश्यक पत्रावली तैयार की और केवी संगठन की मांग पर तत्कालीन जिला पंचायत सदस्य आशा धपोला तथा ग्रामीणों के सहयोग से अस्थायी टीनशैड का निर्माण कर आवश्यक व्यवस्थाएं जुटाईं। साथ ही ग्रामीणों ने लगभग सौ नाली से अधिक भूमि निशुल्क उपलब्ध कराते हुए उसे राज्य शिक्षा विभाग के नाम पंजीकृत कराया। केंद्र व राज्य सरकार के साथ लगातार समन्वय के परिणामस्वरूप वर्ष 2025 में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सवाड़ में केंद्रीय विद्यालय खोलने की स्वीकृति प्रदान की। संभावना है कि शिक्षा सत्र 2026–27 से विद्यालय का संचालन शुरू हो जाएगा।
महत्वपूर्ण उपलब्धियों के बावजूद आलम सिंह बिष्ट ने स्वास्थ्य कारणों से अपना त्यागपत्र ग्राम प्रधान आशा धपोला को सौंप दिया। इसके बाद ग्राम प्रधान द्वारा बुलाई गई आपातकालीन बैठक में पहले उनसे त्यागपत्र वापस लेने का अनुरोध किया गया, लेकिन उन्होंने पद पर बने रहने में असमर्थता जताई। इसके पश्चात सर्वसम्मति से दयाल बिष्ट को शहीद सैनिक मेला समिति का अध्यक्ष मनोनीत किया गया और नई कार्यकारिणी के विस्तार की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई।
नवनियुक्त अध्यक्ष दयाल बिष्ट से ग्रामीणों ने मेले के विकास के साथ-साथ ग्राम पंचायत के सहयोग से गांव के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास करने की अपेक्षा जताई है। दयाल बिष्ट ने भी जनभावनाओं पर खरा उतरने और समिति की परंपराओं को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
