क्षेत्रीय समाचार

रडुवा–चांदनीखाल इंटर कॉलेज के छात्रों का मंडल घाटी शैक्षिक भ्रमण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

पोखरी, 31 जनवरी (राणा)। राजकीय इंटर कॉलेज रडुवा–चांदनीखाल के कक्षा 9 एवं 10 के छात्र-छात्राओं ने एक दिवसीय एक्सपोज़र विजिट के तहत जड़ी-बूटी शोध संस्थान, मंडल घाटी का शैक्षिक भ्रमण किया। इस शैक्षिक यात्रा में विद्यालय के कुल 83 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया और प्राकृतिक संसाधनों, पर्यावरण संरक्षण तथा वैज्ञानिक अनुसंधान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।

प्रधानाचार्य संजय कुमार के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं का दल मंडल घाटी पहुँचा। जड़ी-बूटी शोध संस्थान में विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार की औषधीय वनस्पतियों, उनके औषधीय गुणों तथा उन पर किए जा रहे शोध कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। संस्थान के विशेषज्ञों ने बताया कि किस प्रकार जड़ी-बूटियाँ मानव स्वास्थ्य के साथ-साथ स्थानीय आजीविका का भी सशक्त माध्यम बन सकती हैं।

इसके पश्चात विद्यार्थियों ने बैरागना स्थित ट्राउट फिश सेंटर का भ्रमण किया। यहाँ उन्हें ट्राउट मछली की विभिन्न प्रजातियों, उनके पालन-पोषण, संरक्षण और व्यावसायिक संभावनाओं के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने मछली पालन को स्वरोजगार के एक प्रभावी विकल्प के रूप में समझा।

भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं ने मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित प्रख्यात पर्यावरणविद चंडी प्रसाद भट्ट से उनके आवास पर भेंट कर पर्यावरण संरक्षण, वनों की रक्षा और सतत विकास से जुड़े उनके विचार सुने। उनके प्रेरणादायी विचारों ने विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भाव जागृत किया।

इसके उपरांत विद्यार्थियों ने पर्यावरणविद स्वर्गीय मुरारी लाल द्वारा विकसित मिश्रित वन, बैरागना का भी भ्रमण किया, जहाँ जैव विविधता संरक्षण और मिश्रित वन विकास की उपयोगिता को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिला।

इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों द्वारा छात्र-छात्राओं और भ्रमण दल में शामिल शिक्षक-शिक्षिकाओं को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
शैक्षिक भ्रमण के अंतिम चरण में दल ने गोपेश्वर स्थित प्राचीन गोपीनाथ मंदिर के दर्शन किए। साथ ही विद्यार्थियों ने पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी से भेंट कर राजनीति, समाज और जनसेवा से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की।
इस शैक्षिक भ्रमण में प्रधानाचार्य संजय कुमार, नोडल अधिकारी संदीप कुमार, पीएम श्री प्रभारी डी.पी. कुमेड़ी, सत्यप्रकाश किमोठी, योगेंद्र सिंह राणा, शोभा जोशी, योगिता कंडारी, नवीन प्रकाश नेगी, वीरू सैलानी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!