क्षेत्रीय समाचार

नंदादेवी राजजात मार्ग पर आधा-अधूरा हॉट मिक्स, क्षेत्र में नाराज़गी

– हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट –
थराली, 1 फरवरी। नंदादेवी राजजात यात्रा के अत्यंत महत्वपूर्ण मोटर मार्गों में शामिल श्री नंदादेवी राजजात मोटर सड़क (थराली–देवाल–मुंदोली–वांण) के सुधारीकरण एवं हॉट मिक्स कार्य को लेकर क्षेत्र में असंतोष गहराता जा रहा है। थराली–देवाल–मुंदोली–वांण राजमार्ग संख्या 90 के लिए राज्य सरकार द्वारा 32 करोड़ 69 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिसे सड़क की कुल लंबाई और जर्जर स्थिति को देखते हुए अपर्याप्त बताया जा रहा है।
यह मार्ग न केवल नंदा राजजात यात्रा बल्कि प्रतिवर्ष भाद्रपद माह में आयोजित होने वाली नंदादेवी छोटी जात यात्रा का भी मुख्य मार्ग है। सरकार द्वारा पूर्व में इस राजमार्ग का नामकरण ‘श्री नंदादेवी राजजात मार्ग’ किए जाने के बावजूद इसके सुधारीकरण को लेकर दिखाई जा रही उदासीनता पर सवाल उठ रहे हैं।


जानकारी के अनुसार, थराली से वांण तक कुल 52.20 किलोमीटर लंबी सड़क में केवल लगभग 23 किलोमीटर हिस्से में ही हॉट मिक्स कार्य की स्वीकृति दी गई है। शेष हिस्सों को इस कार्य से बाहर रखा गया है। स्वीकृत योजना के तहत थराली (शून्य किमी) से किमी 7 चेपड़ो तक, किमी 16 से 20, किमी 29 से 33 तथा किमी 41 से वांण (52.20 किमी) तक हॉट मिक्स कार्य नहीं किया जाएगा।
गौरतलब है कि 22 अगस्त 2025 को अतिवृष्टि के कारण थराली और चेपड़ो क्षेत्र में भारी आपदा आई थी, जिसमें मानव क्षति के साथ-साथ सरकारी व निजी संपत्तियों तथा इसी मोटर मार्ग को गंभीर नुकसान पहुंचा था। आपदा के बाद मुख्यमंत्री सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने क्षेत्र का दौरा कर सुधार का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद सर्वाधिक क्षतिग्रस्त थराली–चेपड़ो हिस्से को हॉट मिक्स से बाहर रखना स्थानीय लोगों को पीड़ा पहुंचा रहा है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी थराली के अध्यक्ष विनोद रावत ने कहा कि यह निर्णय आपदा पीड़ितों की उपेक्षा के समान है और इसका विरोध किया जाएगा।
वहीं पूर्व प्रमुख एवं जिपं सदस्य उर्मिला बिष्ट ने कहा कि धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण इस सड़क पर आधे-अधूरे ढंग से हॉट मिक्स की स्वीकृति देना जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पूरी सड़क के सुधारीकरण की मांग नहीं मानी गई तो क्षेत्रीय जनता एकजुट होकर आंदोलन शुरू करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!