आपदा/दुर्घटना

डंपर की चपेट में आए युवक की मौत, 108 सेवा की तकनीकी खराबी पर उठे सवाल

 


– हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 1 फरवरी। ग्वालदम–सिमली राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को हुए एक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। घटना के बाद जहां डंपर चालक की भूमिका की जांच की जा रही है, वहीं 108 आपातकालीन सेवा की तकनीकी खराबी भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्वालदम के समीप तेज गति से आ रहे डंपर (संख्या यूके 14 सीए 1921) की चपेट में मोटरसाइकिल सवार मनीष सिंह (18 वर्ष), पुत्र कैलाश सिंह, निवासी ग्राम गलाई कंधार, जिला बागेश्वर आ गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद युवक की हालत अत्यंत नाजुक थी।
स्थानीय लोगों द्वारा घायल को प्राथमिक उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ग्वालदम ले जाया गया। सूचना मिलने पर थराली थाने से थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। चिकित्सकों की सलाह पर घायल को 108 आपातकालीन सेवा के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ रेफर किया गया।
हालांकि, बैजनाथ से लगभग 12 किलोमीटर पहले कंधार कस्बे के पास 108 वाहन में तकनीकी खराबी आ गई और वाहन बंद हो गया। काफी प्रयासों के बावजूद वाहन चालू नहीं हो सका। इसके बाद बैजनाथ से दूसरा 108 वाहन मंगाया गया, जिसमें लगभग एक घंटे का समय लग गया। इस दौरान घायल युवक की हालत लगातार बिगड़ती रही और दूसरे वाहन के पहुंचने से पहले ही उसकी मृत्यु हो गई।
इधर पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। आशंका जताई जा रही है कि चालक घटना के समय नशे की स्थिति में हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। साथ ही 108 आपातकालीन सेवा की कार्यप्रणाली और वाहनों की नियमित मेंटेनेंस को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आपातकालीन वाहन समय पर कार्यरत रहता, तो संभवतः युवक की जान बचाई जा सकती थी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मामले की समीक्षा की आवश्यकता बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!