क्षेत्रीय समाचार

देवाल के 46 गांव 24 घंटे से अधिक समय से अंधेरे में

हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 2 फरवरी। विकास खंड देवाल के 46 गांवों के ग्रामीण पिछले 24 घंटे से अधिक समय से बिजली संकट से जूझ रहे हैं। रविवार सांय अचानक बिजली आपूर्ति ठप हो जाने से क्षेत्र का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने सोमवार देर रात तक आपूर्ति बहाल होने की संभावना जताई है।
रविवार की शाम करीब छह बजे पूरे देवाल विकास खंड की बिजली अचानक गुल हो गई, जो सोमवार शाम तक भी बहाल नहीं हो सकी। बिजली नहीं रहने से लोगों को लगातार दूसरी रात भी अंधेरे में गुजारनी पड़ी, जबकि सोमवार को दिनभर विद्युत उपकरण ठप रहने से आवश्यक कार्य प्रभावित रहे। 24 घंटे से अधिक समय तक बिजली न होने के कारण कई लोगों के मोबाइल फोन भी बंद हो गए, जिससे संचार व्यवस्था पर असर पड़ा।

ऊर्जा निगम नारायणबगड़ के एसडीओ अतुल कुमार के अनुसार नंदकेशरी (देवाल) स्थित 33 केवी विद्युत उपकेंद्र में एक सीटी फट जाने से आपूर्ति बाधित हुई थी। मरम्मत के दौरान दूसरा सीटी भी खराब हो गया। देहरादून से नए सीटी मंगवाए गए हैं, जिन्हें स्थापित करने के बाद देर रात तक बिजली आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है। ऊर्जा निगम की टीम लगातार कार्य में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!