आपदा/दुर्घटना

सड़क और डिजास्टर शेल्टर निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश

देहरादून, 9 फरबरी।  मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में विश्व बैंक सहायतित उत्तराखंड डिजास्टर प्रीपेयर्डनेस एंड रेजीलियंट प्रोजेक्ट (यू-प्रिपेयर) की उच्च अधिकार प्राप्त समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में विभिन्न प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। इस दौरान मुख्य सचिव ने यू-प्रिपेयर से संबंधित विभिन्न विभागों के प्रोजेक्ट्स की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की और निर्देश दिए कि परियोजनाओं में तेजी लाने हेतु उनकी निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

मुख्य सचिव ने योजना के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाए जा रहे 45 पुलों के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में अवगत कराया गया कि इनमें से 31 पुलों के कार्य अवार्ड किए जा चुके हैं। शेष 14 पुलों के कार्य 30 जून, 2026 तक अवार्ड किए जाने के निर्देश भी उन्होंने दिए। इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्तावित 8 सड़कों के निर्माण कार्य का आबंटन शीघ्र किए जाने के निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने यूएसडीएमए द्वारा विभिन्न स्थानों पर प्रस्तावित 10 डिजास्टर शेल्टरों के निर्माण कार्य को भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने यू-प्रिपेयर से संबंधित सभी कार्यों के लिए स्पष्ट टाइमलाइन निर्धारित करने पर जोर दिया। साथ ही एसडीआरएफ की प्रशिक्षण सुविधाओं तथा 19 फायर स्टेशनों के निर्माण कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर सचिव श्री सचिन कुर्वे, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, डॉ. वी. षणमुगम, श्री विनोद कुमार सुमन, श्री सी. रवि शंकर, श्री रणवीर सिंह चौहान, श्री आनन्द स्वरूप सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!