क्लाउड प्रौद्योगिकी से वैश्विक उद्योगों में क्रांतिकारी बदलाव
तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के सीसीएसआईटी में क्लाउड में उड़ान पर सेमिनार में संयुक्त अरब अमीरात के सूडो कंसल्टेंट्स कंपनी के क्लाउड एक्सपर्ट श्री प्रीतीश आनंद का व्याख्यान

ख़ास बातें
- एडब्ल्यूएस प्रमाणन करियर उन्नति को अत्यंत उपयोगी: प्रो. आरके द्विवेदी
- ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी में बीटेक- सीएस के हार्दिक बालसुनी अव्वल
- उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष तीन स्टुडेंट्स को अमेज़न वेब की पुस्तिकाओं से सम्मानित
मुरादाबाद, 10 फरबरी। संयुक्त अरब अमीरात के सूडो कंसल्टेंट्स कंपनी के क्लाउड एक्सपर्ट श्री प्रीतीश आनंद ने क्लाउड संगणना की मूल अवधारणाओं, विभिन्न प्रकारों और व्यावहारिक अनुप्रयोगों पर गहनता से प्रकाश डाला। उन्होंने सार्वजनिक, निजी और संकर क्लाउड सरीखे मॉडलों की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए यह स्पष्ट किया कि किस प्रकार ये मॉडल विभिन्न उद्योगों में प्रभावी भूमिका निभा रहे हैं।
श्री आनंद ने नेटफ्लिक्स, स्विगी ,ज़ोमैटो जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए समझाया कि किस प्रकार ये संस्थान क्लाउड प्रौद्योगिकी का उपयोग कर अपनी सेवाओं को अधिक सुरक्षित, तीव्र एवम् विश्वसनीय बना रहे हैं। श्री आनंद तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के कॉलेज ऑफ कम्प्यूटिंग साइंसेज़ एंड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी- सीसीएसआईटी में क्लाउड में उड़ानः क्लाउड टेक्नोलॉजी स्वर्णिम कैरियर पथ की खातिर बेस्ट पर आयोजित सेमिनार में बतौर मुख्य वक्ता बोल रहे थे।
इससे पूर्व मुख्य वक्ता श्री प्रीतीश आनंद, सीसीएसआईटी के प्रॉक्टर प्रो. प्रदीप कुमार, सीसीएसआईटी के एडिशनल एचओडी एवम् सेमिनार कोऑर्डिनेटर डॉ. रूपल गुप्ता आदि ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलित करके सेमिनार का शुभारम्भ किया।
क्लाउड एक्सपर्ट श्री आनंद ने कहा, वर्तमान डिजिटल युग में क्लाउड प्रौद्योगिकी सूचना प्रौद्योगिकी, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन समेत दीगर क्षेत्रों में क्रांतिकारी परिवर्तन ला रही है। उन्होंने स्टुडेंट्स को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने के लिए नवाचार, आत्मनिर्भरता और उद्योग- आधारित कौशलों को विकसित करने के लिए प्रेरित किया। सेमिनार के प्रश्नोत्तर सत्र में छात्रों ने क्लाउड प्रौद्योगिकी, वेबसाइट तैनाती, प्रमाणन, रोजगार अवसरों एवं तकनीकी नवाचार से संबंधित महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे।
इस ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी में बीटेक-सीएस के स्टुडेंट्स हार्दिक बालसुनी को प्रथम, समीक्षा जैन को द्वितीय और मोहम्मद अदीब को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले इन शीर्ष तीन स्टुडेंट्स को अमेज़न वेब सेवाओं की पुस्तिकाएं प्रदान करके सम्मानित किया गया।
फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग के डीन प्रो. आरके द्विवेदी ने कहा,क्लाउड संगणना सूचना प्रौद्योगिकी एवम् डिजिटल अवसंरचना के भविष्य को आकार देने वाली एक प्रमुख और परिवर्तनकारी तकनीक है। उन्होंने एडब्ल्यूएस प्रमाणन को करियर उन्नति एवम् बेहतर रोजगार अवसरों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए स्टुडेंट्स को एडब्ल्यूएस अकादमी और अन्य प्रमाणन मंचों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
सेमिनार के प्रश्नोत्तर सत्र में छात्रों ने क्लाउड प्रौद्योगिकी, वेबसाइट तैनाती, प्रमाणन, रोजगार अवसरों एवं तकनीकी नवाचार से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे।अंत में सभी अतिथियों एवम् मुख्य वक्ता को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। संचालन स्टुडेंट तंजीला बशीर ने किया।
