Uncategorized

पोखरी में भी मिनिस्टीरियल कर्मचारियों की कलमबंद हड़ताल जारी

 

पोखरी, 13 फरवरी (राणा)। लोक निर्माण विभाग, उत्तराखंड के मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों की दो सूत्रीय मांगों को लेकर 9 फरवरी से जारी अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल के कारण विभागीय कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है। हड़ताल के चलते विभाग में देन-देन की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है, वहीं ठेकेदारों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके परिणामस्वरूप निर्माण कार्यों एवं विकास योजनाओं की गति भी धीमी पड़ गई है।
प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर चल रही इस हड़ताल के तहत कर्मचारियों ने सोमवार को भी विभागीय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक पदोन्नति और पारस्परिक स्थानांतरण से संबंधित उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उनकी मांगों की लंबे समय से अनदेखी की जा रही है, जिससे उनमें गहरा रोष व्याप्त है। हड़ताल के कारण विभागीय पत्राचार, भुगतान संबंधी कार्य और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं, जिसका सीधा असर विभाग की कार्यप्रणाली पर पड़ रहा है।
धरना-प्रदर्शन में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मोहन लाल नाथ, देवेंद्र कठैत, प्रदीप, अनूप परमार, अमित कुमार, गोकुल कोहली, आनंद नेगी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने एक स्वर में चेतावनी दी कि मांगों के समाधान तक आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!