क्षेत्रीय समाचार

गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर में विधिक सेवा एवं सहायता केंद्र शुरू

श्रीनगर (गढ़वाल), 13 फरवरी। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर में शुक्रवार को विधिक सेवा एवं सहायता केंद्र का शुभारंभ किया गया। केंद्र का उद्घाटन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी की जूनियर डिवीजन की सिविल जज अल्का द्वारा विधिवत रूप से किया गया।
इस अवसर पर गढ़वाल विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओपी गुसाईं ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में स्थापित यह केंद्र छात्र-छात्राओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि यह केंद्र समय-समय पर विधिक जागरूकता से संबंधित कार्यक्रमों का आयोजन करेगा, जिससे विद्यार्थियों को कानून संबंधी जानकारी और सहायता प्राप्त हो सकेगी।
सिविल जज अल्का ने साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए साइबर कानूनों, डिजिटल सुरक्षा और सतर्कता के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड तथा सोशल मीडिया के दुरुपयोग से सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही लोक अदालतों की उपयोगिता और उनके महत्व के बारे में भी जानकारी दी।
कार्यक्रम के मुख्य नियंता प्रो. दीपक कुमार ने विद्यार्थियों से डिजिटल प्लेटफॉर्म का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में साइबर सेल से संपर्क करने का आह्वान किया। इस दौरान अधिवक्ता प्रमेश चंद्र जोशी ने साइबर सेल के माध्यम से उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता, परामर्श एवं शिकायत निवारण की प्रक्रिया की जानकारी दी तथा छात्रों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
नोडल अधिकारी डॉ. अनु राही ने साइबर सेल के उद्देश्य, उपयोग और सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि यह केंद्र विद्यार्थियों को निःशुल्क कानूनी मार्गदर्शन, शिकायत पंजीकरण तथा तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराएगा।
कार्यक्रम में डॉ. नरेंद्र, विश्वविद्यालय के सुरक्षा अधिकारी हेम जोशी, एपीओ अपर्णा अवस्थी, अधिवक्ता अनूप पांथरी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस अवसर पर केंद्र की प्राविधिक स्वयंसेवी प्रियंका रॉय और साइबर सेल की प्रतिनिधि दीपशिखा ने फिशिंग, हैकिंग, डिजिटल वित्तीय धोखाधड़ी एवं ऑनलाइन उत्पीड़न जैसे साइबर अपराधों की जानकारी दी। सीआईयू से मनोज कुमार ने तकनीकी एवं जांच से संबंधित पहलुओं पर प्रकाश डाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!