सचिव ने देहरादून केआमवाला तरला आवासीय योजना का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयसीमा पर जोर

देहरादून, 13 फरबरी। राज्य सरकार की किफायती और नागरिक-अनुकूल आवास नीति के तहत आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने आज प्राधिकरण की आमवाला तरला आवासीय योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, बुनियादी सुविधाओं और लाभार्थियों को मिल रही सेवाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा और तय तकनीकी मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं।
ईडब्ल्यूएस भवनों की स्थिति और बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) भवनों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान संरचनात्मक गुणवत्ता, पेयजल आपूर्ति, विद्युत कनेक्शन, सीवरेज व्यवस्था, स्वच्छता और आंतरिक सड़कों की स्थिति का जायजा लिया गया।
सचिव ने मौके पर मौजूद निवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। कुछ लाभार्थियों ने पानी की नियमित आपूर्ति, रखरखाव व्यवस्था और सामुदायिक सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन की आवश्यकता बताई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्राप्त सुझावों पर कार्यवाही करते हुए आवश्यक सुधार शीघ्र सुनिश्चित किए जाएं।
एलआईजी, एमआईजी और एचआईजी भवनों की प्रगति
निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन एलआईजी, एमआईजी और एचआईजी वर्ग के भवनों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने परियोजना की भौतिक प्रगति, फ्लैटों की बुकिंग स्थिति और वित्तीय प्रबंधन से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की। बताया गया कि एचआईजी वर्ग के अधिकांश फ्लैट बुक हो चुके हैं, जबकि अन्य वर्गों में भी बुकिंग प्रक्रिया जारी है।
सचिव ने शेष फ्लैटों की पारदर्शी और समयबद्ध बिक्री प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गुणवत्ता और निगरानी पर स्पष्ट निर्देश
निरीक्षण के दौरान यह स्पष्ट किया गया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को परियोजना को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने, नियमित मॉनिटरिंग करने और तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही यह भी कहा गया कि आवासीय परियोजनाएं केवल भवन निर्माण तक सीमित न रहें, बल्कि सुरक्षित वातावरण, हरित क्षेत्र, सामुदायिक स्थल और समुचित पार्किंग जैसी सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएं, ताकि निवासियों को समग्र आवासीय वातावरण मिल सके।
समन्वित कार्यप्रणाली पर जोर
निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता, अवर अभियंता, मार्केटिंग प्रतिनिधि तथा निर्माण एजेंसी के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी को समन्वित कार्यप्रणाली अपनाने और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
आवास सचिव ने कहा कि किफायती आवास उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, लेकिन इसके साथ गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता भी उतनी ही आवश्यक हैं। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा करने और रखरखाव तंत्र को मजबूत करने पर विशेष बल दिया।
