मुख्यमंत्री राहत कोष में सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर ने दिए 10 लाख रुपये

देहरादून, 13 फरबरी। सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर हरीश चंद्र जोशी ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 लाख रुपये की धनराशि प्रदान की है। वे वसंत विहार, देहरादून के निवासी हैं और मूल रूप से जहरिखाल, पौड़ी गढ़वाल के रहने वाले हैं।
ब्रिगेडियर जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर सहयोग राशि का चेक सौंपा। यह धनराशि राज्य में पूर्व में आई प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ आपदा से प्रभावित आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका सहायता के लिए दी गई है।
मुख्यमंत्री ने इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहलें आपदा प्रभावित लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस अवसर पर ब्रिगेडियर जोशी की पुत्री शानू जोशी भी उपस्थित रहीं।
