क्षेत्रीय समाचार

क्षेत्र पंचायत पोखरी की बैठक में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा व पेयजल के मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा

पोखरी, 16 फरवरी (राणा)। ब्लॉक सभागार पोखरी में क्षेत्र पंचायत नागपुर पोखरी की त्रैमासिक बैठक क्षेत्र पंचायत प्रमुख राजी देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, वन, कृषि, उद्यान, पेयजल सहित अन्य विभागीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्र पंचायत प्रमुख राजी देवी और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयावधि के भीतर उनका समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

किमोठा के प्रधान बाल ब्रह्मचारी हरिकृष्ण किमोठी ने जौरासी–तोणजी मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति का मुद्दा उठाते हुए कार्यदायी संस्था एनपीसीसी पर लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए तथा मामले की जांच की मांग की। विरोध स्वरूप उन्होंने सदन में धरना भी दिया।
सेरा मालकोटी के प्रधान राजेश सिंह भंडारी और थालाबैड़ वार्ड से जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र सिंह राणा ने सेरा मालकोटी गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने की मांग रखी। विनगढ़ की प्रधान ममता चौहान ने पोखरी–कर्णप्रयाग मोटर मार्ग के किमी आठ पर सड़क धंसने से आठ परिवारों के मकानों पर मंडरा रहे खतरे की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए सुरक्षा उपाय करने की मांग की।

विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र सिंह राणा ने वर्षों से लंबित नौली–धोतीधार सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग उठाई। खन्नी के क्षेत्र पंचायत सदस्य कुलदीप राणा आजाद ने छातीखाल में पेयजल संकट दूर करने, क्षेत्र पंचायत सदस्यों का मानदेय बढ़ाने तथा उनकी वार्षिक निधि 20 लाख रुपये करने की मांग रखी।
भदूणा के प्रधान राजेश रावत ने देवीखेत–त्रिशूला मोटर मार्ग की खराब स्थिति पर चिंता जताई। डामक की क्षेत्र पंचायत सदस्य कामिनी भंडारी ने पोखरी–बिशाल–बामनाथ मोटर मार्ग की खस्ताहाल स्थिति सुधारने और क्षेत्र में बढ़ रहे प्लास्टिक कचरे के निस्तारण की मांग की। ब्राह्मणथाला के प्रधान दीपक थपलियाल ने गांव में पेयजल संकट दूर करने तथा मोहनखाल–ताली–कसारी सड़क पर उगी झाड़ियों की सफाई कराने का मुद्दा उठाया।
सलना की प्रधान हेमलता देवी ने सलना–डांडा सड़क निर्माण की मांग की। विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र राणा ने नगर पंचायत पोखरी में पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से लगने वाले जाम की समस्या पर चिंता जताते हुए पार्किंग स्थल विकसित करने की आवश्यकता बताई। सूगी की प्रधान विमला देवी और सिनाऊ तल्ला–मल्ला की प्रधान संतोषी देवी ने भी अपनी-अपनी ग्राम सभाओं में पेयजल समस्या के समाधान की मांग रखी।
जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र सिंह राणा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी और अल्ट्रासाउंड मशीन की सुविधा उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाया। इस पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने आश्वासन दिया कि स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने जनप्रतिनिधियों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी और इन योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में कई प्रधान पति भी मौजूद रहे, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख ऊषा कंडारी, कनिष्ठ प्रमुख शिवलाल, जिला विकास अधिकारी कमलेश पंत, खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी, पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता मनमोहन विजलवाण, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मोहम्मद तस्दीक उद्दीन, तहसीलदार राम किशोर ध्यानी, जल संस्थान के सहायक अभियंता राहुल राय, अवर अभियंता मनमोहन सिंह राणा, विद्युत विभाग के एसडीओ आशीष चौधरी, अवर अभियंता धीरेन्द्र सिंह भण्डारी, उप शिक्षा अधिकारी नेहा भट्ट, केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग नागनाथ रेंज के वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर नेगी, अलकनंदा भूमि संरक्षण वन प्रभाग पोखरी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी बी.एल. शाह, वन दरोगा राजे सिंह नेगी, प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष तेजपाल रावत निर्मोही, सांसद प्रतिनिधि डॉ. मातवर रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का संचालन ग्राम विकास अधिकारी राजेश सजवाण ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!