क्षेत्रीय समाचारशिक्षा/साहित्य

डाइट गौचर में अबेकस प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन

 


गौचर, 16 फरवरी (गुसाईं)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) गौचर में गणित शिक्षण को अधिक रुचिपूर्ण और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आयोजित पांच दिवसीय अबेकस प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन हो गया। कार्यशाला का आयोजन डाइट के प्राचार्य आकाश सारस्वत के निर्देशन में किया गया, जिसमें 45 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।

समापन अवसर पर प्राचार्य आकाश सारस्वत ने कहा कि अबेकस के माध्यम से मस्तिष्क के दाएं और बाएं दोनों हिस्सों को सक्रिय किया जा सकता है। बच्चों की सबसे तेज सीखने की उम्र में यदि अबेकस की सहायता से गणित सिखाया जाए, तो उनकी स्मरण शक्ति, गति और शुद्धता में उल्लेखनीय सुधार होता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते स्क्रीन टाइम को कम करने में भी अबेकस एक प्रभावी माध्यम है, क्योंकि यह खेल-खेल में गणितीय संक्रियाओं को सरल बनाता है।

प्रशिक्षण के दौरान सभी शिक्षकों ने अभ्यास कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाई। प्रतिभागियों ने यह भी साझा किया कि वे अपने-अपने विद्यालयों में पहले अपने साथी शिक्षकों को अबेकस का प्रशिक्षण देंगे, ताकि कक्षा शिक्षण में इसका व्यापक उपयोग हो सके। इसके माध्यम से बच्चों को मानसिक गणित द्वारा जोड़, घटाव और गुणा जैसी क्रियाओं को सरल ढंग से सिखाया जाएगा।

समापन सत्र में वरिष्ठ संकाय सदस्य राजेंद्र प्रसाद मैखुरी, वीरेंद्र सिंह कठैत, कमलेश मिश्र, बचन जितेला, नीतू सूद और योगेंद्र बर्त्वाल उपस्थित रहे। प्रशिक्षण समन्वयक एवं संदर्भदाता गोपाल कपरुवान तथा संदर्भदाता रंजन बिष्ट के साथ सभी 45 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर बताया गया कि समग्र शिक्षा उत्तराखंड के तहत संबंधित विद्यालयों को 16 छात्र अबेकस और एक मास्टर अबेकस उपलब्ध कराए गए हैं। शिक्षक इनका उपयोग प्रशिक्षण के तुरंत बाद अपने विद्यालयों में करेंगे और प्रशिक्षण में सीखी गई विधियों को अन्य साथी अध्यापकों के साथ भी साझा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!