क्षेत्रीय समाचार

जिलासू-आली मोटर मार्ग निर्माण को लेकर एसडीएम की अध्यक्षता में बैठक में बनी सहमति।

पोखरी, 17 फरबरी। वर्षों से अधर में लटके 13 किलोमीटर लंबे जिलासू-आली मोटर मार्ग के निर्माण को पूरा करने के लिए मंगलवार को तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय ग्रामीणों के बीच सड़क निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने पर सहमति बनी। बैठक के बाद सहमति पत्र पर सभी पक्षों ने हस्ताक्षर किए।

विदित है कि जिलासू-आली मोटर मार्ग का निर्माण कार्य मस्ट गांव के पास किलोमीटर 5 और 6 के बीच पिछले लगभग 15 वर्षों से रुका हुआ है। इससे आली, काण्डई, नागनाथ, सतूण, झिलोटी, मस्ट, ऐरास, वीणा सहित कई गांवों के ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पोखरी से आली तक 14 किलोमीटर सड़क पहले ही बन चुकी है, जबकि जिलासू से आली तक स्वीकृत 13 किलोमीटर सड़क विभागीय लापरवाही के कारण अधूरी पड़ी हुई है।
ग्रामीणों ने पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र सिंह भण्डारी के नेतृत्व में तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी अबरार अहमद को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क बनने से उन्हें अपनी तहसील जिलासू, शिवालय जिलासू और जिला मुख्यालय गोपेश्वर आने-जाने में सुविधा मिलेगी। साथ ही पारंपरिक शवदाह घाट जिलासू तक पहुंचना भी आसान होगा। वर्तमान में सड़क अधूरी होने के कारण ग्रामीणों को पोखरी होते हुए कर्णप्रयाग के रास्ते लगभग 65 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। इस दौरान ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर नाराजगी भी जताई।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेश चन्द्रा ने दूरभाष पर बताया कि विभाग द्वारा जेसीबी मशीन को कार्यस्थल पर भेज दिया गया है और सड़क कटिंग का कार्य लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सड़क को यातायात के लिए खोलना विभाग की जिम्मेदारी है और कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। सहायक अभियंता मोहम्मद तस्दीक अहमद ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये का अनुमान तैयार कर लिया गया है और जल्द कार्य पूर्ण किया जाएगा।
बैठक के बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र सिंह भण्डारी, एसडीएम अबरार अहमद और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ मस्ट गांव स्थित निर्माण स्थल का निरीक्षण भी किया और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र सिंह भण्डारी, सहायक अभियंता मोहम्मद तस्दीक अहमद, अवर अभियंता संदीप रावत, झिलोटी के प्रधान बीरेंद्र बर्तवाल, गिरसा के प्रधान रोहित चौहान, आली के प्रधान विनोद कुमार, काण्डई के प्रधान मदन सिंह, अनूप प्रकाश चौहान, सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि सहमति के बाद अब वर्षों से लंबित सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा होगा और क्षेत्र की जनता को राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!