धर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

बिरही में भोटिया जनजाति समाज का समागम शुरू

 

  • जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने किया शुभारंभ
  • सीएम समापन समारोह में लेंगे भाग
  • पौणा नृत्य की शानदार प्रस्तुति रही आकर्षण का विषय

महिपाल गुसाईं की रिपोर्ट

गोपेश्वर, 20 फरबरी । नीती माणा घाटी जनजाति कल्याण समिति के तत्वावधान में गुरुवार को चमोली के भोटिया पड़ाव बिरही में तीन दिवसीय समागम का शानदार आगाज हो गया। समागम के प्रथम दिन गुरुवार को चमोली जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।

उदघाटन समारोह में वैसे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पहुंचना था लेकिन वे नहीं पहुंच पाए। उनकी अनुपस्थिति में जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने समागम का उदघाटन किया। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री अब समापन समारोह में शिरकत करेंगे।


जनजाति समाज द्वारा अपने पारंपरिक परिधान के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। साथ ही उनके सम्मान में पारंपरिक पौणा नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी गई।

इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने अपने संबोधन में कहा कि जनजाति की अपनी विशिष्ट पहचान, संस्कृति, बोली भाषा, रहन सहन है, जिसे समाज आज भी मजबूती से संरक्षित किए हुए है। इसीलिए आज भी भोटिया जनजाति की अपनी गौरवशाली पृष्ठभूमि है। जनजाति समाज के उन्नयन के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष ने 25 लाख रुपए भोटिया पड़ाव बेलूबगड में नीती माणा कल्याण समिति कार्यालय को देने की घोषणा की। साथ ही बाउंड्री वॉल हेतु धनराशि पोषण का भरोसा दिया गया।


समागम में समस्त जनजाति नीती माणा घाटी के जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मण रावत, हरेंद्र सिंह राणा, जिला पंचायत के प्रशासनिक अधिकारी यशवंत सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व जनजाति की महिलाएं भी मौजूद थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!