क्षेत्र पंचायत देवाल की बैठक में कमीशनखोरी को लेकर हंगामा
—हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट—
थराली, 20 फरवरी। क्षेत्र पंचायत देवाल की पहली बैठक में विकास खंड कार्यालय में कथित कमीशनखोरी का मामला प्रमुखता से उठा। इस मुद्दे को लेकर पंचायत सदस्यों ने सदन में जमकर हंगामा किया, जिससे बैठक देर तक बाधित रही।
शुक्रवार को ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में बतौर मुख्य अतिथि थराली विधायक भूपाल राम टम्टा तथा मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी उपस्थित रहे। बैठक देर सायं लगभग छह बजे तक चली।
बैठक के दौरान सदस्यों प्रदीप दानू, नरेंद्र बिष्ट, प्रेम परिहार, प्रधान संघ अध्यक्ष खिलाप बिष्ट, मोहन बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि विकास खंड कार्यालय देवाल में विकास कार्यों के नाम पर 20 प्रतिशत तक कमीशन लिया जा रहा है। सदस्यों का कहना था कि जो जनप्रतिनिधि या आम नागरिक कमीशन नहीं देता, उसके कार्य जानबूझकर लंबित रखे जाते हैं या किए ही नहीं जाते।
आरोपों के बाद अन्य सदस्यों ने भी विकास खंड कार्यालय के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे सदन में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इस दौरान कई सदस्य हाथों में “कमीशनखोरी बंद करो” जैसे नारे लिखे पर्चे लहराते नजर आए।
बैठक में कमीशनखोरी को लेकर हुए हंगामे की चर्चा पूरे विकास खंड देवाल में दिनभर होती रही और यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ
