क्षेत्रीय समाचार

रडुवा इंटर कॉलेज के छात्र हिमालय अध्ययन व एडवेंचर कैंप के लिए रवाना

पोखरी, 22 फरवरी (राणा)। अटल उत्कृष्ट विद्यालय राजकीय इंटर कॉलेज रडुवा चांदनीखाल के कक्षा 11 के दस छात्रों का दल पांच दिवसीय एडवेंचर एंड नेचर स्टडी कैंप के लिए रविवार को जनपद चमोली के सीमांत हिमालयी क्षेत्र नीति-माणा के लिए रवाना हुआ। यह शिविर 26 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा।
छात्रों के इस दल का नेतृत्व पीएम श्री प्रभारी एवं भूगोल प्रवक्ता डीपी कुमेड़ी कर रहे हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमार तथा पीटीए अध्यक्ष मानमेन्द्र बर्तवाल ने छात्रों को हरी झंडी दिखाकर शुभकामनाओं के साथ विदा किया।
प्रधानाचार्य संजय कुमार ने कहा कि पीएम श्री योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय में विविध शैक्षिक और सह-शैक्षिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। एडवेंचर एवं नेचर स्टडी कैंप इसी प्रयास का हिस्सा है, जिससे छात्रों को कक्षा शिक्षण के साथ-साथ व्यावहारिक और अनुभवजन्य ज्ञान प्राप्त हो सके।
कैंप प्रभारी डीपी कुमेड़ी ने बताया कि शिविर के दौरान छात्र हिमालयी क्षेत्र की भौगोलिक संरचना, पारिस्थितिकी तंत्र और जैव विविधता का अध्ययन करेंगे। इसके साथ ही उन्हें कैंपिंग, ट्रैकिंग और रॉक क्लाइंबिंग जैसी साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। शिविर के अंतिम दिन छात्र विश्व प्रसिद्ध हिमक्रीड़ा स्थल औली में स्केटिंग का प्रशिक्षण भी प्राप्त करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस प्रकार के अध्ययन और साहसिक शिविर छात्रों में प्रकृति के प्रति जिज्ञासा और संरक्षण की भावना को मजबूत करते हैं। साथ ही इससे विद्यार्थियों के आत्मविश्वास में वृद्धि होती है और 21वीं सदी के आवश्यक कौशलों के विकास में भी सहयोग मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!