दो सूत्रीय मांगों को लेकर लोनिवि मिनिस्टीरियल कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार जारी, कामकाज ठप
पोखरी, 24 फरवरी (राणा)। पदोन्नति और पारस्परिक स्थानांतरण की दो सूत्रीय मांगों को लेकर लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के मिनिस्टीरियल कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार 16वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन के चलते विभागीय कार्यालयों का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है और कार्यालयों में सन्नाटा पसरा हुआ है।
प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर कर्मचारी 9 फरवरी से कार्य बहिष्कार पर हैं और विभागीय परिसर में धरना दे रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक पदोन्नति से जुड़ी लंबित प्रक्रिया पूरी नहीं की जाती और पारस्परिक स्थानांतरण की मांग पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
हड़ताल के कारण निर्माण कार्यों की विभागीय प्रगति रिपोर्ट तैयार नहीं हो पा रही है। साथ ही लेन-देन की प्रक्रिया बाधित होने से ठेकेदारों के भुगतान भी लंबित पड़े हैं, जिससे विकास कार्यों की रफ्तार पर असर पड़ रहा है। कार्यालयी कार्य ठप होने के कारण आम लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में सहायक अभियंता मोहम्मद तस्दीक अहमद ने बताया कि मिनिस्टीरियल कर्मचारियों की हड़ताल से विभागीय कार्य गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं।
धरने में संजय सिंह, आलोक नौटियाल (प्रधान सहायक), महावीर सिंह, प्रदीप सिंह (वरिष्ठ सहायक), सुबोध सिंह, अनूप सिंह, देवेंद्र सिंह, आनंद सिंह, हरीश सिंह सहित अन्य मिनिस्टीरियल कर्मचारी मौजूद रहे।
