फल्दियागांव में स्वच्छता अभियान के तहत कूड़ादानों का वितरण
थराली, 27 फरवरी (हरेंद्र बिष्ट)। विकासखंड देवाल के अंतर्गत फल्दियागांव में गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत द्वारा कूड़ादानों का वितरण किया गया। इस दौरान ग्राम प्रधान ने ग्रामीणों से कूड़ा केवल कूड़ादान में ही डालने की अपील की।
ग्राम पंचायत फल्दियागांव के प्रधान प्रेम सिंह परिहार ने बताया कि गांव को स्वच्छ रखने के लिए पंचायत की ओर से घर-घर कूड़ादान वितरित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही अस्पताल, स्कूलों और दुकानों जैसे सार्वजनिक स्थलों पर भी कूड़ादान रखवाए गए हैं, ताकि लोग कूड़ा इधर-उधर न फेंककर निर्धारित स्थान पर ही डालें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता से न केवल गांव का वातावरण बेहतर होगा, बल्कि कूड़े से फैलने वाली विभिन्न बीमारियों से भी ग्रामीणों को राहत मिलेगी।
प्रधान ने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने में दीपा देवी, माहेश्वरी देवी, अनिता देवी, खिल्पा देवी, सरिता देवी, खीम सिंह, मदन सिंह और हयात सिंह सहित कई ग्रामीणों ने सक्रिय सहयोग दिया।
ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान की इस पहल का स्वागत करते हुए आश्वासन दिया कि गांव को स्वच्छ बनाए रखने के लिए वे ग्राम पंचायत का पूरा सहयोग करेंगे।
