क्षेत्रीय समाचार

जोशीमठ की गार्गी उनियाल बनीं वायुसेना में फ्लाइंग अफसर


-प्रकाश कपरुवाण-
ज्योतिर्मठ, 7 मार्च। उत्तराखंड के सीमांत जनपद चमोली के जोशीमठ की बेटी गार्गी उनियाल ने भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग अफसर बनकर प्रदेश और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
पर्वतीय क्षेत्र की प्रतिभाशाली बेटी गार्गी उनियाल ने अपने पहले ही प्रयास में वायुसेना की कॉमन एडमिशन टेस्ट प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद एक वर्ष के कठोर प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा कर उन्होंने भारतीय वायुसेना में अधिकारी के रूप में स्थान प्राप्त किया।
शनिवार को बेंगलुरु स्थित वायुसेना तकनीकी महाविद्यालय में आयोजित पासिंग आउट परेड में गार्गी के पिता दिनेश उनियाल और माता पूनम उनियाल भी उपस्थित रहे और अपनी बेटी की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के साक्षी बने।
आज उत्तराखंड की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। पहाड़ की बेटियां अपनी मेहनत, लगन और क्षमता के बल पर विभिन्न क्षेत्रों में सफलता अर्जित कर राज्य का नाम रोशन कर रही हैं। साथ ही वे अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही हैं। गार्गी उनियाल की उपलब्धि इसी प्रेरणादायक परंपरा का एक और उदाहरण है।
सीमांत नगर जोशीमठ की निवासी गार्गी उनियाल के पिता दिनेश उनियाल एडवेंचर पर्यटन से जुड़े हैं, जबकि उनकी माता पूनम उनियाल गृहिणी हैं। गार्गी ने केंद्रीय विद्यालय जोशीमठ से इंटरमीडिएट की शिक्षा प्राप्त करने के बाद घुड़दौड़ी इंजीनियरिंग कॉलेज से बीटेक की डिग्री हासिल की।
जोशीमठ की बेटी के वायुसेना अधिकारी बनने पर क्षेत्र में खुशी की लहर है। बद्रीनाथ धाम के पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, जोशीमठ नगर पालिका अध्यक्ष देवेश्वरी शाह, ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी, बाल संरक्षण आयोग के निवर्तमान सदस्य विनोद कपरुवाण, देवपुजाई समिति ज्योतिर्मठ के अध्यक्ष अनिल नंबूरी, भारतीय जनता पार्टी नगर अध्यक्ष अमित सती सहित अनेक लोगों ने गार्गी की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!