क्राइम

विक्षिप्त ने पत्नी व बेटे पर किया हमला, बाद में फांसी लगाकर दी जान

 

 

– हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट –
थराली/देवाल, 7 मार्च। विकास खंड देवाल के अंतर्गत ओडर गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और बेटे पर धारदार हथियार से हमला कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद हमलावर ने जंगल में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देवाल क्षेत्र के ओडर गांव निवासी गजेंद्र सिंह गड़िया (40), जो मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है, ने शुक्रवार देर शाम अपनी पत्नी लक्ष्मी देवी (37) और सात वर्षीय बेटे मयंक पर थमाली (धारदार हथियार) से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह हस्तक्षेप कर दोनों मां-बेटे को हमलावर से बचाया और आपातकालीन सेवा 108 के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि पत्नी और बेटे को घायल करने के बाद गजेंद्र सिंह देर शाम तक हाथ में धारदार हथियार लेकर गांव में घूमता रहा, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल बना रहा। बाद में वह गांव के पास स्थित जंगल की ओर चला गया। उसके गांव से चले जाने के बाद ग्रामीणों ने कुछ राहत की सांस ली।
शनिवार सुबह जब गजेंद्र सिंह घर नहीं लौटा तो परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान गांव से करीब 500 मीटर दूर जंगल में एक पेड़ पर उसका शव फांसी के फंदे से लटका मिला।
थराली के थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने बताया कि ओडर गांव में एक व्यक्ति के फांसी पर लटकने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग भेज दिया है।
गांव की प्रधान प्रेमा देवी ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने कहा कि इस घटना से पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!