क्षेत्रीय समाचार

पावर कॉर्पोरेशन ने तेज किया वसूली अभियान, अवर अभियंताओं को भी उतारा वसूली में

पोखरी, 7 मार्च (राणा)। उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के विद्युत वितरण खंड पोखरी ने बकाया बिजली बिलों की वसूली के लिए अभियान तेज कर दिया है। लंबे समय से बिजली बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कॉर्पोरेशन ने अब सख्त रुख अपनाते हुए सक्रिय कार्रवाई शुरू कर दी है। वसूली अभियान की कमान अवर अभियंता धीरेन्द्र भण्डारी ने स्वयं संभाल ली है और वह अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ क्षेत्र में जाकर बकायादार उपभोक्ताओं से संपर्क कर रहे हैं।
शनिवार को अवर अभियंता धीरेन्द्र भण्डारी विभागीय कर्मचारियों के साथ पोखरी बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने उन उपभोक्ताओं के घरों और प्रतिष्ठानों पर जाकर जानकारी ली, जिन्होंने लंबे समय से बिजली बिलों का भुगतान नहीं किया है और कॉर्पोरेशन के बड़े बकायादार बने हुए हैं। टीम ने ऐसे उपभोक्ताओं को बकाया राशि शीघ्र जमा करने के निर्देश दिए।
अवर अभियंता धीरेन्द्र भण्डारी ने बताया कि उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन द्वारा बकाया बिजली बिलों की वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कई उपभोक्ताओं पर लंबे समय से बड़ी राशि बकाया चल रही है, जिससे कॉर्पोरेशन को राजस्व हानि हो रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे उपभोक्ताओं को कई बार नोटिस और सूचना दी जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद भुगतान नहीं किया गया है।
उन्होंने बकायादार उपभोक्ताओं को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि 10 मार्च तक अपने सभी बकाया बिजली बिलों का भुगतान उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन के कार्यालय में जमा कर दें। यदि निर्धारित तिथि तक भुगतान नहीं किया गया तो संबंधित उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन विच्छेद कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही बकाया वसूली के लिए राजस्व वसूली प्रमाण पत्र (आरसी) जारी कर आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।
अवर अभियंता ने पूरे विकासखंड के उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे समय रहते अपने बकाया बिजली बिलों का भुगतान कर दें, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि कॉर्पोरेशन का उद्देश्य उपभोक्ताओं को परेशान करना नहीं, बल्कि बकाया राजस्व की वसूली करना है, जिससे विद्युत व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!