महिला छात्रावास व आईटी लैब का तृतीय पक्ष निरीक्षण संपन्न, गुणवत्ता पर संतोष

नरेंद्रनगर, 4 अप्रैल। धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय, नरेंद्रनगर (टिहरी गढ़वाल) में एसएएससीआई परियोजना के अंतर्गत नव-निर्मित महिला छात्रावास एवं आईटी लैब के निर्माण कार्यों का तृतीय पक्ष द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता तथा निर्धारित मानकों के अनुरूपता की पुष्टि करना था।
गठित संयुक्त निरीक्षण समिति ने स्थल पर पहुंचकर सभी निर्माण कार्यों का विस्तृत भौतिक सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि डीपीआर के प्रावधानों के अनुसार सिविल तथा विद्युत-यांत्रिकी कार्य संतोषजनक ढंग से पूर्ण किए गए हैं। समिति का नेतृत्व अध्यक्ष के रूप में प्राचार्य खाड़ी महाविद्यालय प्रो० ए० के० सिंह (नोडल अधिकारी, उच्च शिक्षा) ने किया। अन्य सदस्यों में अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग ई० प्रवीण करणवाल, नरेंद्रनगर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो० प्रणिता नंद, ब्रिडकुल के प्रतिनिधि श्री सुभाष अन्थवाल एवं श्री जसवीर सजवाण, तथा मॉडल कॉलेज के नोडल अधिकारी डॉ० संजय सिंह महर शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान समिति ने कुछ सुधारात्मक सुझाव भी दिए। इनमें महिला छात्रावास के मुख्य प्रवेश मार्ग की तीव्र ढलान को संतुलित करते हुए समतलीकरण एवं दोनों ओर सीढ़ियों का निर्माण, कुछ कमरों में पाई गई सीलन की समस्या का निराकरण, इंटरडिस्प्ले पैनल हेतु पोडियम का निर्माण एवं उसकी ऊंचाई में वृद्धि, बाथरूम में आवश्यक शीशों की व्यवस्था तथा जलापूर्ति के लिए मोटर एवं अतिरिक्त जल टंकियों की स्थापना शामिल हैं। कार्यदायी संस्था ने इन सुझावों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
समिति ने समग्र रूप से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि आवश्यक सुधारों के उपरांत यह भवन छात्राओं को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं आधुनिक वातावरण उपलब्ध कराएगा।
