क्षेत्रीय समाचार

पोखरी थाने का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का सीओ ने लिया जायजा

पोखरी, 6 अप्रैल (राणा)। पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा ने सोमवार को पोखरी थाने का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों, मालखाने, शस्त्रों तथा आपदा उपकरणों की गहन जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
थाना परिसर पहुंचने पर गार्द द्वारा उन्हें मान-प्रणाम दिया गया। इसके बाद उन्होंने थाना कार्यालय, बैरक और भोजनालय का निरीक्षण किया। साफ-सफाई संतोषजनक मिलने पर इसे नियमित बनाए रखने के निर्देश दिए। मालखाने के निरीक्षण के दौरान लंबित मालों और जब्त वाहनों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। शस्त्रों की स्थिति जांचते हुए पुलिस कर्मियों से उनकी हैंडलिंग कराई गई तथा थानाध्यक्ष को साप्ताहिक रूप से शस्त्र संचालन का अभ्यास कराने के निर्देश दिए गए।
सीओ ने आपदा प्रबंधन उपकरणों की भी जांच की और उनकी कार्यशीलता परखते हुए कार्मिकों को नियमित प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। सीसीटीएनएस कार्यालय के निरीक्षण के दौरान ऑनलाइन शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण तथा जीडी को शत-प्रतिशत अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। महिला हेल्पलाइन डेस्क पर भी उन्होंने फरियादियों की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करने को कहा।
लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश देते हुए उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और ईमानदारी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने की हिदायत दी।
इस दौरान थानाध्यक्ष देवेन्द्र पंत, एसआई रुकम सिंह नेगी, एसआई दलवीर सिंह नेगी, एसआई देवेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल भरत सिंह टोलियां, विनोद सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!