यात्रियों की संख्या सीमित करने के विरोध में 25 अप्रैल को चारधाम मार्ग बंद रखने की चेतावनी
ज्योतिर्मठ, 6 अप्रैल (कफरुवाण)। चारधाम होटल एसोसिएशन उत्तराखंड ने चारों धामों में यात्रियों की सीमित संख्या निर्धारित किए जाने के निर्णय का पुरजोर विरोध करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। एसोसिएशन ने आगामी 25 अप्रैल को चारधाम यात्रा मार्ग के सभी प्रतिष्ठान बंद रखने का ऐलान किया है।
चारधाम होटल एसोसिएशन उत्तराखंड के अध्यक्ष राजेश मेहता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि पिछले तीन वर्षों से होटल एसोसिएशन द्वारा विभिन्न शासकीय बैठकों में चारधाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों की संख्या सीमित करने की बाध्यता का लगातार विरोध किया जा रहा है, लेकिन तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी शासन स्तर पर इस संबंध में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
एसोसिएशन ने कहा कि इस स्थिति के कारण चारधाम क्षेत्र के होटल व्यवसायियों, व्यापार सभा, तीर्थ पुरोहितों, हक-हकूक धारियों तथा डंडी-कंडी संचालकों में भारी रोष व्याप्त है। इसी के चलते पुनः एक बड़े आंदोलन का आह्वान किया गया है।
आंदोलन के क्रम में बुधवार को तहसील मुख्यालय ज्योतिर्मठ में विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही 25 अप्रैल को संपूर्ण चारधाम तथा चारधाम यात्रा मार्गों के व्यापारिक प्रतिष्ठान, होटल, लॉज, होम-स्टे, आश्रम एवं धर्मशालाएं बंद रखकर विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में अजय भट्ट, विशेश्वर नैथानी, गजेंद्र सनवाल सहित अन्य पदाधिकारी प्रमुख रूप से शामिल रहे।
