क्षेत्रीय समाचार

निर्धन छात्र-छात्राओं को मिली छात्रवृत्ति, उच्च शिक्षा के लिए बढ़ा हौसला

 

पोखरी, 6 अप्रैल (राणा)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी में मंगलवार को एक सराहनीय पहल के तहत निर्धन एवं जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की गई। महाविद्यालय के स्थापना काल से अब तक पहली बार प्राचार्य प्रो. रीटा शर्मा द्वारा 14 योग्य एवं सुपात्र छात्र-छात्राओं को निर्धन सहायता कोष से आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

इस छात्रवृत्ति के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रवेश शुल्क, गणवेश एवं पाठ्य पुस्तकों के क्रय में सहायता मिलेगी, जिससे उनकी शिक्षा में आने वाली आर्थिक बाधाएं कम होंगी। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. रीटा शर्मा ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न छात्र कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।उन्होंने कहा कि यह पहल योग्य एवं जरूरतमंद छात्रों को शिक्षा से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

कार्यक्रम में मुख्य शास्ता डॉ. संजीव कुमार जुयाल ने कहा कि इस प्रकार की छात्रवृत्ति निर्धन एवं वंचित वर्ग के छात्रों के लिए उच्च शिक्षा का मार्ग प्रशस्त करती है और शिक्षा को सभी तक सुलभ बनाने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने इस पहल के लिए प्राचार्य की सराहना की।

आईक्यूएसी संयोजक डॉ. नंदकिशोर चमोला ने कहा कि इस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों के अंतिम छोर तक उच्च शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने का लक्ष्य और मजबूत होगा। कार्यक्रम का संचालन छात्रवृत्ति संयोजिका डॉ. कीर्ति गिल ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!