क्षेत्रीय समाचार

पोखरी में गैस संकट गहराया, केवाईसी और सिलेंडर भराने को एजेंसी कार्यालय में उमड़ी भीड़

 

पोखरी, 6 अप्रैल (राणा)। क्षेत्र में रसोई गैस का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। बड़ी संख्या में उपभोक्ता केवाईसी कराने और गैस सिलेंडर भराने के लिए गैस एजेंसी कार्यालय देवस्थान पहुंच रहे हैं, जिससे वहां भारी भीड़ देखने को मिल रही है।

ईरान-इजरायल-अमेरिका के बीच चल रहे लंबे तनाव के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका असर अब स्थानीय स्तर पर साफ दिखने लगा है। चांदनीखाल, किमोठा, हापला सहित कई ब्रांच रोड क्षेत्रों में लंबे समय से गैस सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हो पाई है। स्थिति यह है कि जैसे ही गैस सिलेंडर से भरा ट्रक एजेंसी पहुंचता है, उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ती है और सिलेंडर भराने के लिए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
स्थानीय उपभोक्ता सीता देवी, शांता देवी, सत्येंद्र नेगी, भागुली देवी, दीपक चौधरी आदि का कहना है कि भिकोना, चांदनीखाल, धौड़ा और हापला क्षेत्रों में लंबे समय से गैस की गाड़ी नहीं पहुंच रही है। मजबूरी में उन्हें वाहन बुक कर पोखरी आकर सिलेंडर भरवाना पड़ रहा है, जिससे समय और पैसा दोनों खर्च हो रहे हैं। इसी तरह बिनगढ़, उड़ामाड़ा सहित अन्य क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं शादी-विवाह का सीजन चल रहा है, जिन परिवारों में शादियां हैं, वे गैस सिलेंडर नहीं मिलने से विशेष रूप से परेशान हैं।

नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल, पार्षद गिरीश किमोठी, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रवीन्द्र नेगी, ब्लॉक संरक्षक कुलर सिंह चौधरी, विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र सिंह राणा, जिला पंचायत सदस्य एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा, प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष तेजपाल रावत निर्मोही, रमेश चौधरी, संतोष चौधरी तथा राज्य आंदोलनकारी संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष कुंवर सिंह खत्री सहित कई जनप्रतिनिधियों ने सरकार से जल्द से जल्द गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।

उन्होंने चांदनीखाल, भिकोना, धौड़ा, हापला, त्रिशूला, बिनगढ़ और उड़ामाड़ा समेत सभी प्रभावित क्षेत्रों में नियमित गैस आपूर्ति कराने की मांग उठाई है, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

वहीं गैस एजेंसी प्रबंधक सुरेंद्र प्रसाद पुरोहित ने बताया कि वर्तमान में तीन-चार दिन में एक ट्रक गैस सिलेंडर पहुंच रहा है, जिसके कारण एजेंसी में भीड़ लग रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पर्याप्त आपूर्ति मिलते ही सभी क्षेत्रों में नियमित रूप से गैस वितरण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!