प्रवेशोत्सव में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन, छात्र संख्या बढ़ाने पर जोर

पोखरी, 7 अप्रैल (राणा)। क्षेत्र के विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाने तथा नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पोखरी और राजकीय इंटर कॉलेज उडामाड़ा में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पोखरी में आयोजित कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी विनोद मटूड़ा ने प्रतिभाग करते हुए प्रधानाचार्या विजयलक्ष्मी रावत के साथ नवप्रवेशी छात्राओं का फूल-मालाओं एवं बैज लगाकर स्वागत किया। इस दौरान छात्राओं के अभिभावकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी विनोद मटूड़ा ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कारवान बनना भी आवश्यक है। आज का छात्र ही समाज और राष्ट्र का भविष्य निर्माता है।
उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षिकाओं से आह्वान किया कि सभी मिलकर छात्र-छात्राओं की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें एक अच्छा नागरिक बनाने की दिशा में कार्य करें। साथ ही सरकारी विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने बताया कि सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों को निशुल्क पुस्तकें, वर्दी सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि इस सत्र में बालिका इंटर कॉलेज पोखरी में कक्षा 6 में 5 तथा कक्षा 9 में 8 छात्राओं ने प्रवेश लिया है।
वहीं, राजकीय इंटर कॉलेज उडामाड़ा में भी प्रवेशोत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। प्रधानाचार्य ब्रह्मानंद किमोठी ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों का स्वागत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्या विजयलक्ष्मी रावत, शिक्षिकाएं रेखा पटवाल, पूनम राणा, रानी नेगी, विशेश्वरी सजवाण, अनुराधा राणा, प्राची राणा, इंदू भारती, निशा, कविता, राज, भानु प्रकाश थपलियाल, निधि असवाल, राकेश भट्ट सहित विद्यालय की समस्त शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
