Front Page

बैठक में अफसरों से बोले सीएम, विधायकों द्वारा उठायी समस्याओं को दें प्राथमिकता

 

देहरादून, 7 अप्रैल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई जा रही समस्याओं को अधिकारी गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान सुनिश्चित करें तथा जिन कार्यों का समाधान शीघ्र संभव है, उनमें अनावश्यक विलंब न होने दिया जाए।
मंगलवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र थराली, कर्णप्रयाग, केदारनाथ, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने यह निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में अनावश्यक देरी करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी तथा विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर जन समस्याओं के समाधान में तेजी लाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जन समस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना चाहिए। उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को मजबूत बनाने, हेली एंबुलेंस की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण से संबंधित कार्यों में यदि किसी विभाग का प्रस्ताव अन्य विभाग को भेजा जाना है, तो उसे शीघ्र हस्तांतरित किया जाए। अनावश्यक विलंब होने पर संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि बैठक में विधायकगणों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समाधान संबंधित विभागीय सचिव प्राथमिकता के आधार पर करें।
मुख्यमंत्री ने वन विभाग स्तर पर लंबित मुख्यमंत्री घोषणाओं की अलग से समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य सचिव को निर्देशित किया कि मानसून से पहले वर्षाकाल की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की जाए और बाढ़ नियंत्रण से जुड़े सभी कार्य समय पर पूरे किए जाएं।
आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री ने सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए होटल एसोसिएशन के साथ समय-समय पर बैठक करने तथा यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया।
बैठक में कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी, विधायक कर्णप्रयाग अनिल नौटियाल, विधायक थराली भूपाल राम टम्टा, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, नितेश झा, दिलीप जावलकर, सचिन कुर्वे, रविनाथ रमन, एस.एन. पांडेय, डॉ. पंकज कुमार पांडेय, डॉ. आर. राजेश कुमार, धीराज गर्ब्याल, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष तथा संबंधित जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!