Front Page

मुख्यमंत्री धामी ने 12 मानचित्रकों को सौंपे नियुक्ति पत्र, कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने पर जोर

 

देहरादून, 10  अप्रैल ।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग के अंतर्गत मानचित्रक पद पर चयनित 12 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी नियुक्ति प्रदेश की कृषि व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने अपेक्षा जताई कि सभी अभ्यर्थी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन के बाद प्रदेश में अब तक 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है, जो सरकार की सुशासन और युवाओं के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के साथ ही मिलेट के उत्पादन और विपणन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। किसानों की आय में वृद्धि के लिए आधुनिक तकनीकों के उपयोग, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और फसल विविधीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही सेब, कीवी, बागवानी और औषधीय पौधों की खेती को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य कृषि को लाभकारी और युवाओं के लिए आकर्षक बनाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस क्षेत्र से जुड़ें और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।

इस अवसर पर कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री श्री गणेश जोशी, सचिव कृषि श्री एस.एन. पाण्डेय, अपर सचिव श्री आनंद श्रीवास्तव सहित कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!