क्षेत्रीय समाचार

औचक निरीक्षण में शैक्षिक गुणवत्ता पर जोर, बीईओ ने छात्रों से किया संवाद

पोखरी, 20 अप्रैल (राणा)। खंड शिक्षा अधिकारी विनोद सिंह मटुड़ा ने सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज उडामाडा का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित पठन-पाठन व्यवस्था का अवलोकन करते हुए विभिन्न विषयों में छात्र-छात्राओं के शैक्षिक स्तर की गहन जांच की।

इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी स्वयं विभिन्न कक्षाओं में पहुंचे और छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद करते हुए विषयवार प्रश्न पूछे। छात्रों द्वारा दिए गए उत्तरों को संतोषजनक बताते हुए उन्होंने विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने शिक्षकों की बैठक लेकर अध्यापक डायरी का अवलोकन किया तथा कक्षा-कक्षों में मौजूद समस्याओं पर भी चर्चा की।

खंड शिक्षा अधिकारी ने शिक्षण प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं प्रभावी बनाने के लिए शिक्षकों को सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को चित्रों एवं रोचक माध्यमों के जरिए पढ़ाया जाए, जिससे विषयों की समझ बेहतर हो सके। साथ ही उन्होंने गणित और विज्ञान विषयों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।

विद्यालय के प्रधानाचार्य बी.एन. किमोठी ने इस अवसर पर विद्यालय में भौतिक एवं शैक्षिक संसाधनों की कमी से खंड शिक्षा अधिकारी को अवगत कराया तथा आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक अंजन सिंह नेगी, दिनेश जग्गी, श्रीमती ज्योति पंवार, श्रीमती रजनी नेगी, श्रीमती प्रियंका रावत, श्रीमती मीरा रावत, हरेंद्र चौधरी, हिमांशु कंसवाल, सूरज चंद और नंदन सिंह सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!