विश्व पर्यावरण दिवस पर देवाल और थराली में चला वृहद पौधारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली/देवाल, 5 जून । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पिंडर घाटी में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। थराली विधायक भूपाल राम टम्टा के नेतृत्व में बदरीनाथ वन प्रभाग गोपेश्वर के अंतर्गत मध्य पिंडर रेंज देवाल के वन विश्राम गृह परिसर में वृहद पौधारोपण किया गया, जबकि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी तथा पूर्णा गांव में भी पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।

देवाल स्थित वन विभाग परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि पेड़-पौधे और वन हमारे पर्यावरण के आधार हैं। जब तक वृक्ष सुरक्षित रहेंगे, तब तक पर्यावरण, मानव जीवन तथा वन्य जीव-जंतु भी सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों का संरक्षण कर उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अधिकाधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मध्य पिंडर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी मनोज देवराड़ी ने कहा कि रोपित पौधों की नियमित निगरानी और संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पौधे पर नाम पट्टिका लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
विशिष्ट अतिथि एवं देवाल ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत ने वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से गांव-गांव जाकर पौधारोपण अभियान चलाने तथा ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की अपील की।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा, मंडल महामंत्री नरेंद्र बागड़ी, ज्येष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया, कनिष्ठ प्रमुख पिंकी देवी, विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह बिष्ट, पूर्व मंडल अध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट, युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सुबोध फरस्वाण, मंडल अध्यक्ष विनायक मिश्रा, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र बिष्ट, लखन रावत, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष दयाल बिष्ट, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य गंगा सिंह सुयाल सहित वन विभाग के वन दरोगा विजयपाल, धीरेंद्र गड़िया, वन आरक्षी दीपक मेहरा, मनमोहन भंडारी, कमला, हेमा पंत तथा अन्य वनकर्मी उपस्थित रहे।
उधर, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी में भी विश्व पर्यावरण दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रतिभा आर्या ने छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण को मानवीय जीवन और सतत विकास का प्रथम मानक बताते हुए जैव विविधता, वन्य जीवों तथा नदी-नालों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति के संसाधनों का संतुलित उपयोग ही भविष्य की पीढ़ियों के लिए सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित कर सकता है।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के कर्मचारी हुकुम सिंह रावत को पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। रोवर्स-रेंजर्स एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। कार्यक्रम में डॉ. ललित जोशी, डॉ. नीतू पांडे, डॉ. शंकर राम, डॉ. पुष्पा रानी, डॉ. सुधा राणा, डॉ. रजनी नेगी, डॉ. मोहित उप्रेती, डॉ. सुनील कुमार, कुशलानंद सती, महीपाल सिंह, थान सिंह, धीरेन्द्र नेगी, दीपा देवी, नीतिश कुमार, मनोज देवराड़ी, गुड्डू सिंह सहित अनेक शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चमोली के निर्देश पर पूर्णा गांव के समीप वन विभाग परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण को लेकर गोष्ठी आयोजित की गई। प्राधिकरण के पीएलवी मनोज कुमार और सुरेंद्र परिहार ने पर्यावरण संरक्षण के कानूनी एवं सामाजिक पहलुओं पर जानकारी दी। गोष्ठी में विधायक भूपाल राम टम्टा, ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत, वन क्षेत्राधिकारी मनोज देवराड़ी, भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भाग लिया।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन तथा पौधारोपण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया गया। पिंडर घाटी के विभिन्न क्षेत्रों में भी वृक्षारोपण अभियान चलाकर लोगों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
