पर्यावरण

विश्व पर्यावरण दिवस पर माणा में वृक्षारोपण, वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत स्वयंसेवकों का ओरिएंटेशन

माणा, (चमोली), 5 जून (कपरुवाण)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सीमांत गांव माणा में ‘एक पेड़ वीरों के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया गया तथा लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के साथ ही जनपद चमोली में आईटीबीपी एवं माय भारत के अधिकारियों द्वारा ‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम’ के अंतर्गत स्वयंसेवकों के लिए एक ओरिएंटेशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें सीमावर्ती गांवों की भौगोलिक परिस्थितियों, स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक जीवनशैली तथा वहां निवास के दौरान आने वाली चुनौतियों और आवश्यक सावधानियों से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों से संवाद कर क्षेत्र की आवश्यकताओं, समस्याओं और विकास की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
इस अवसर पर माय भारत के स्वयंसेवकों को उच्च हिमालयी क्षेत्रों में कार्य के दौरान सुरक्षा एवं सुविधा के लिए आवश्यक किटों का वितरण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम एक महत्वपूर्ण युवा नेतृत्व आधारित पहल है, जिसका उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में जनभागीदारी को मजबूत करना, युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना तथा राष्ट्रीय एकता और समावेशी विकास को बढ़ावा देना है।
अधिकारियों ने स्वयंसेवकों से सीमावर्ती गांवों में सक्रिय भूमिका निभाने, स्थानीय समुदायों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा विकासोन्मुख गतिविधियों में प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी से सीमांत क्षेत्रों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!