शिक्षा/साहित्य

देहरादून की 30 प्रतिभाशाली बेटियों को मिली नई उड़ान

उदयन शालिनी फैलोशिप के 19वें बैच का प्रवेशोत्सव संपन्न

देहरादून, 7 जून। आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्राओं को उच्च शिक्षा, व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता के माध्यम से सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित उदयन केयर ट्रस्ट के उदयन शालिनी फैलोशिप कार्यक्रम के अंतर्गत देहरादून चैप्टर में इस वर्ष चयनित 30 छात्राओं का भव्य प्रवेशोत्सव समारोह आयोजित किया गया।
करीब तीन दशकों से सामाजिक एवं शैक्षिक क्षेत्र में सक्रिय उदयन केयर ट्रस्ट देशभर में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की छात्राओं को शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है। इसी क्रम में आयोजित प्रवेशोत्सव समारोह में नवचयनित छात्राओं ने सामूहिक शपथ लेकर शिक्षा, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व और समाजसेवा के मार्ग पर अग्रसर रहने का संकल्प लिया।
समारोह की मुख्य अतिथि भारतीय वन सेवा की वरिष्ठ अधिकारी एवं पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय में सहायक महानिरीक्षक (एआईजी) नीलिमा शाह ने उदयन केयर के महिला सशक्तिकरण संबंधी प्रयासों की सराहना की। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे फैलोशिप को केवल आर्थिक सहयोग तक सीमित न समझें, बल्कि संस्था के विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का भी विकास करें। उन्होंने छात्राओं से अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर सफलता अर्जित करने तथा भविष्य में समाज के वंचित वर्गों के उत्थान में योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही छात्राओं के हित में हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
उदयन केयर की संस्थापिका डॉ. किरण मोदी ने चयनित छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद बेटियों की शिक्षा के प्रति अभिभावकों का समर्पण ही उन्हें जीवन में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि उदयन शालिनी फैलोशिप का उद्देश्य केवल उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि छात्राओं के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का समग्र विकास करना भी है, ताकि वे समाज में अपनी सशक्त पहचान स्थापित कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ शालिनी लक्ष्मी शर्मा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस फैलोशिप ने उनके जीवन और करियर को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उदयन शालिनी देहरादून चैप्टर के संयोजक विमल डबराल ने चैप्टर की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह मंच अब तक सैकड़ों छात्राओं को शिक्षा और करियर के क्षेत्र में आगे बढ़ने में सहयोग प्रदान कर चुका है। उन्होंने कहा कि भविष्य में और अधिक जरूरतमंद एवं प्रतिभाशाली छात्राओं तक पहुंच बनाकर उनके सपनों को साकार करने के लिए चैप्टर निरंतर प्रयासरत रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन कोर समिति सदस्य डॉ. दलजीत कौर ने किया। इस अवसर पर वैल्हम गर्ल्स स्कूल की उप-प्रधानाचार्या सुबोही राशिद, कोर समिति सदस्य कमल शर्मा एवं नीलू खन्ना सहित वरुणा टम्टा, फरहा नाज़, दीक्षा धीमान, बोम बहादुर तथा बड़ी संख्या में छात्राएं एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!