प्राणमती नदी पर बैली ब्रिज निर्माण का रास्ता साफ, एक माह में बनने की उम्मीद
–हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 13 जून। प्राणमती नदी पर प्रस्तावित बैली ब्रिज के निर्माण में आ रहा गतिरोध समाप्त हो गया है। इसके बाद अब अगले एक माह के भीतर पुल के निर्माण की उम्मीद बढ़ गई है। इससे थराली गांव सहित आसपास के अनेक गांवों के लोगों में खुशी का माहौल है। क्षेत्रीय विधायक भूपाल राम टम्टा ने शनिवार को बैली ब्रिज तक पहुंचने वाली एप्रोच रोड का भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
ज्ञात हो कि थराली-सूना मोटर मार्ग पर प्राणमती नदी पर बना पक्का मोटर पुल वर्ष 2013 की आपदा में बह गया था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने वर्ष 2023 में यहां अस्थायी बैली ब्रिज का निर्माण कराया, लेकिन वह भी वर्ष 2024 की आपदा में बह गया। इसके बाद विभाग ने पुनः बैली ब्रिज निर्माण का कार्य शुरू किया, किंतु निर्माणाधीन पुल भारी वर्षा और नदी के तेज बहाव की भेंट चढ़ गया। इस दौरान नदी का स्पान (चौड़ाई) भी काफी बढ़ गया।
स्थिति को देखते हुए लोक निर्माण विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पुराने स्थल के बजाय नदी के ऊपरी हिस्से में देवकुना नामक स्थान पर बैली ब्रिज बनाने का निर्णय लिया। हालांकि, एप्रोच रोड के लिए आवश्यक भूमि देने को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने प्रारंभ में सहमति नहीं दी, जिसके कारण पिछले तीन-चार माह से निर्माण कार्य रुका हुआ था।
मामले में लगातार गतिरोध बने रहने पर क्षेत्रीय जनता की मांग पर विधायक भूपाल राम टम्टा ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने ग्रामीणों के साथ कई दौर की वार्ता की, जिसके बाद ग्रामीण सड़क निर्माण के लिए अपनी भूमि उपलब्ध कराने को तैयार हो गए। इसके बाद शनिवार को नगर पंचायत थराली, थराली गांव, सूना, देवलगढ़, सुनाऊं तल्ला, पैठानी सहित अन्य गांवों के ग्रामीणों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में एप्रोच रोड का भूमि पूजन किया गया।
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय जनता ने खुशी व्यक्त करते हुए विधायक के प्रयासों की सराहना की। विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि विकास कार्यों के लिए कभी-कभी लोगों को अपनी भूमि भी देनी पड़ती है। उन्होंने देवकुना के ग्रामीणों द्वारा जनहित में भूमि उपलब्ध कराने के निर्णय की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को प्रभावित लोगों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर बैली ब्रिज का निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों की आवाजाही सुगम हो सके।
इस अवसर पर विधायक ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा क्षेत्र में कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में तहसीलदार अक्षय पंकज, लोक निर्माण विभाग की सहायक अभियंता बबीता, अवर अभियंता दयाशंकर बधानी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी देवराज राणा, रोशन लाल निराला, नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत, पार्षद दिवाकर सिंह नेगी, मोहन पंत, भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र बिष्ट, पूर्व मंडल अध्यक्ष नंदू बहुगुणा, रणजीत सिंह नेगी, केडी जोशी, सुनीता बिष्ट, अनिल देवराड़ी, क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश गड़िया, किशन गड़िया, जिला पंचायत सदस्य हरीश सोनियाल, खीमानंद खंडूड़ी, मोहन बहुगुणा, नंदराम बहुगुणा, अंकुर देवराड़ी, ठेकेदार अनवीर चिनवान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
