डांडागैर-कलसीर में फटी पेयजल योजना की मुख्य पाइप लाइन, पोखरी बाजार समेत पूरे नगर क्षेत्र की जलापूर्ति ठप
पोखरी, 24 जून (राणा)। नगर पंचायत पोखरी, पोखरी बाजार तथा आसपास के गांवों में पेयजल संकट गहरा गया है। तुंगनाथ-भुलकना स्रोत से संचालित पोखरी पेयजल पुनर्गठन योजना की मुख्य पाइप लाइन बुधवार तड़के करीब पांच बजे कलसीर के डांडागैर तोक में अचानक फट गई। पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से पूरे नगर पंचायत क्षेत्र, पोखरी बाजार और आसपास के गांवों में पेयजल आपूर्ति ठप हो गई, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार पाइप लाइन फटने की सूचना मिलते ही जल संस्थान के अवर अभियंता मनमोहन सिंह राणा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। विभागीय कर्मचारियों ने वेल्डिंग मशीन एवं अन्य आवश्यक उपकरणों के साथ क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया। दिनभर कर्मचारी पाइप लाइन को जोड़ने और जलापूर्ति बहाल करने के प्रयासों में जुटे रहे।
पेयजल आपूर्ति बाधित होने से क्षेत्रवासियों को दैनिक उपयोग के लिए पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने विभाग से शीघ्र मरम्मत कार्य पूरा कर जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है।
अवर अभियंता मनमोहन सिंह राणा ने बताया कि क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की मरम्मत युद्धस्तर पर की जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शाम तक पाइप लाइन को जोड़ दिया जाएगा और बृहस्पतिवार सुबह तक पोखरी बाजार, नगर पंचायत क्षेत्र तथा आसपास के गांवों में नियमित पेयजल आपूर्ति सुचारु रूप से बहाल कर दी जाएगी।
